उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। रक्षाबंधन के मौके पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा सिटी में संचालित 100 इलेक्ट्रिक बसों में महिलाओं को तीन दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को इसकी घोषणा की। यह सुविधा 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान महिलाएं इन ई-बसों में एक सहयात्री के साथ बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने के लिए अलग-अलग स्थानों पर आने-जाने वाली महिलाओं को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज बसों में भी मुफ्त यात्रा
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज बसों में भी निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके और अन्य स्थानों पर जाने की संभावना को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन में अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ रहने का अनुमान है। नोएडा प्राधिकरण की ओर से संचालित ई-बस सेवा को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से इन बसों में महिला यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। प्राधिकरण के इस फैसले से त्योहार के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ उनके यात्रा खर्च में भी बचत होगी।

















