बॉलीवुड के खिलाफ आवाज : संसद परिसर में धरना

-महिला सांसद ने लड़कियों के यौन शोषण का मुद्दा उठाया

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। बॉलीवुड के अनैतिक कृत्यों के खिलाफ अब सांसद आवाज बुलंद कर रहे हैं। भाजपा सांसद रुपा गांगुली ने सोमवार को संसद भवन परिसर में धरना दिया। सांसद गांगुली ने बॉलीवुड में लड़कियों के यौन उत्पीडऩ के आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की पुरजोर मांग की। उन्होंने हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर नाराजगी का इजहार किया। भाजपा सांसद रुपा गांगुली ने कहा कि मुंबई फिल्म उद्योग निर्दोषों की जान लेता है। उन्हें मादक पदार्थों की लत लगाता है। महिलाओं का अपमान करता रहता है, मगर कोई कुछ नहीं कर रहा है। यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। भाजपा सांसद ने बीलीवुड में लड़कियों के यौन शोषण के आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके पहले भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि भारत में बेटियों का दर्जा सबसे ऊपर है। देश में बेटियां मां दुर्गा और गो माता की तरह पूज्यनीय हैं, मगर बॉलिवुड समेत कई क्षेत्रों में आज भी कुछ गलत मानसिकता के शख्त बेटियों की तकदीर संवारने का दावा कर सौदेबाजी पर उतारू हैं। भाजपा सांसद ने किसी का नाम लिए बगैर अपने तेवर और इशारे से स्पष्ट कर दिया कि वह किसके विषय में बात कर रहे हैं। सांसद रवि किशन ने कहा कि महिलाओं व लड़कियों पर अनुचित दबाव बनाने वालों में भय पैदा करने के लिए कठोर कानून बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में दशकों से कास्टिंग काउच चल रहा है। इस बेहद संवेदनशील मामले को वह संसद में उठाएंगे। बता दें कि अभिनेत्री पायल घोष ने हाल ही में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके पहले अभिनेत्री कंगना रनौत भी बॉलीवुड के काले कारनामों का खुलासा कर चुकी हैं। जिस कारण उन्हें निरंतर निशाना बनाया जा रहा है।