बड़े बेआबरू कर सदन से निकाले गए 3 सांसद

राज्य सभा में हंगामा, आप के तीनों सदस्य सस्पेंड

नई दिल्ली। राज्य सभा में बुधवार को नियमों की अनदेखी करना आम आदमी पार्टी (आप) के 3 सदस्यों को भारी पड़ गया। सांसद संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्रवाई में रूकावट पैदा करने पर दिनभर के लिए सस्पेंड कर दिया गया। बाद में तीनों सांसदों को मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया। राज्य सभा में शून्यकाल समाप्त होने पर आप सदस्य संजय सिंह ने किसान आंदोलन से संबंधित मुद्दा उठाने का प्रयास किया। सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। सभापति ने कहा कि सदस्य राष्ट्रपति अभिभाषण पर होने वाली चर्चा में अपनी बात रख सकते हैं। इसके बावजूद आप सदस्य नहीं माने। उन्होंने नए कृषि कानूनों के खिलाफ सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। सभापति नायडू ने पहले उन्हें चेतावनी दी। उनसे सदन की कार्रवाई सुचारू रूप से चलने देने को कहा। सभापति ने कहा कि 3 सदस्य सदन की कार्रवाई को बाधित नहीं कर सकते, मगर आप के तीनों सदस्यों का हंगामा जारी रहा। ऐसे में सभापति ने उन्हें नियम-255 के तहत दिनभर के लिए सस्पेंड कर दिया। तीनों सदस्यों को सदन से बाहर जाने को कहा गया, मगर निलंबित सदस्यों ने आसन के निर्देश को स्वीकार नहीं किया। इस पर सभापति ने सुबह 9 बजकर करीब 35 मिनट पर 5 मिनट के लिए बैठक स्थगित कर दी। बैठक पुन: शुरू होने पर सभापति नायडू ने तीनों सदस्यों को बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मार्शल को बुला लिया। मार्शल की सहायता से आप के तीनों सदस्यों को सदन से बाहर किया गया। निष्कासन और निलंबन के बाद आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि हमने सदन में असहमति व्यक्त की। हम कृषि कानूनों को निरस्त कराना चाहते हैं, क्योंकि वार्ता से कोई हल नहीं निकल रहा है। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) निरंतर आंदोलनकारी किसानों का समर्थन कर रही है।