अमेरिका का विरोध बेअसर, आतंकवादी रिहा

पाकिस्तान में पुलिस ने हत्यारोपी को घर तक छोड़ा

इस्लामाबाद। आतंकवाद के प्रति पाकिस्तान का प्रेम एक बार फिर सामने आ गया है। पाकिस्तान ने अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या के आरोपी आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख को रिहा कर दिया है। आतंकी सईद शेख को पुलिस अभिरक्षा में उसके घर तक सुरक्षित पहुंचाया गया। अमेरिका के विरोध को नजरअंदाज कर पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है। इसके पहले पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने डेनियल पर्ल हत्याकांड में आरोपियों की रिहाई को निलंबित करने के सरकार के अनुरोध को खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने बीते गुरुवार को डेनियल पर्ल के अपहरण और हत्या केस में अलकायदा आतंकी अहमद उमर सईद शेख और उसके 3 साथियों को बरी कर दिया था। इस फैसले पर अमेरिका ने सख्त नाराजगी जाहिर की थी। पर्ल के परिवार ने सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को न्याय की पूर्ण हत्या कहा था। बता दें कि साल 2002 में पाकिस्तान के शहर कराची में अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या कर दी गई थी। पर्ल द वॉल स्ट्रीट जर्नल के दक्षिण एशिया ब्यूरो प्रमुख थे। साल 2002 में डेनियल पर्ल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अलकायदा के बीच संबंधों पर एक खबर करने के लिए कराची में जानकारी जुटा रहे थे। इस दरम्यान पल का अपहरण कर लिया गया था। बाद में पर्ल का सिर कलम कर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात के प्रकाश में आने के बाद दुनियाभर ने आतंकवाद की आलोचना की थी। उधर, कुछ दिन पहले अमेरिका ने डेनियल पर्ल के हत्यारे आतंकवादी को कोर्ट द्वारा बरी किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद भी पाकिस्तान पर कोई असर नहीं पड़ा। पाकिस्तान को निकट भविष्य में अमेरिका की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। पाकिस्तान में आतंकवादियों के खुलेआम घूमने और सरकार द्वारा उन्हें पोषित किए जाने की खबरें आए दिन सामने आती रहती हैं।