भाजपा नेता को नहीं मिली राहत जमा करना होगा बकाया किराया

– नेहरू नगर स्थित ऑडिटोरियम और रमते राम रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में लगाई गई सील
– नगर निगम का किराया नहीं जमा करने पर भाजपा नेता के खिलाफ हुई कार्रवाई

गाजियाबाद। नगर निगम का किराया नहीं जमा कराए जाने के मामले में भाजपा नेता को कोई राहत नहीं मिली। नेहरू नगर स्थित ऑडिटोरियम और रमते राम रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बुधवार को नगर निगम द्वारा सील लगा दी गई थी। बृहस्पतिवार को सील खुलवाने के लिए भाजपा नेता द्वारा काफी प्रयास किया गया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। नगर निगम का कहना है कि किराया जमा कराए जाने के बाद ही सील खोली जाएगी। ऑडिटोरियम और शॉपिंग कंपलेक्स को लेकर हुए एग्रीमेंट के मुताबिक किराए के रूप में लगभग 4 करोड़ रुपए जमा कराया जाना है।
गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जिन संपत्तियों पर हाउस टैक्स एवं किराए के मद में अत्यधिक बकाया है उनके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम की टैक्स विभाग की टीम ने नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम और रमतेराम रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया। ऑडिटोरियम और शॉपिंग कंपलेक्स के संचालन का कॉन्ट्रैक्ट भाजपा नेता की कंपनी मैसर्स रैली इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को मिला था। नगर निगम की निविदा प्रक्रिया में शामिल होकर कंपनी ने यह टेंडर हासिल किया था। भाजपा नेता अशोक कुमार मैसर्स रैली इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को प्रयास किया कि नगर निगम द्वारा सील खोल दिया जाए। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। शॉपिंग कांप्लेक्स में जो वाहन पार्किंग में थे सिर्फ उन्हें निकालने के लिए सील खोली गई लेकिन फिर दोबारा से सील लगा दिया गया। ‌

ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नवंबर 2022 में 12.21 लाख रुपए प्रतिमाह की दर से किराए पर मैसर्स रैली इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने निविदा के माध्यम से रखरखाव और संचालन का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था। नेहरू नगर स्थित ऑडिटोरियम पर 1,89,96,439 रुपए बकाया है। रमते राम रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी 15.06 लाख रुपए प्रतिमाह किराए की दर पर उक्त फर्म को ठेका पर दिया गया था। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का 2,05,43,045 रुपए बकाया है। बृहस्पतिवार को भाजपा के कई स्थानीय नेताओं ने सील खुलवाने के लिए प्रयास किया। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मैसर्स रैली इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अशोक कुमार नागर भाजपा नेता है। वह पूर्व में एमएलसी स्नातक का चुनाव भी भाजपा से लड़ चुके हैं। वह बागपत जिले के भाजपा के प्रभारी हैं और पूर्व में क्षेत्रीय पदाधिकारी रह चुका है। नगर निगम द्वारा बकाया धनराशि जमा कराने के लिए छह बार नोटिस दिए गए थे।