ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से की मुलाकात

-बिना ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के नहीं हो सकता ब्राह्मणों के साथ इंसाफ: तरुण मिश्र

लखनऊ। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं ब्राह्मण सेवक तरुण मिश्र ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके लखनऊ आवास पर मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से उप-मुख्यमंत्री से ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन के मुद्दों को दोहराया। पूर्व में भी तरुण मिश्र ने उप-मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की थी। मुलाकात के दौरान तरुण मिश्र ने ब्राह्मणों पर होने वाले अत्याचार का मुद्दा उठाया और ब्राह्मणों के लिए कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ जल्द उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग रखी। तरुण मिश्र द्वारा देश भर में ब्राह्मणों को संगठित करने और राज्य सरकारों द्वारा ब्राह्मणों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर से लोकसभा का चुनाव समाप्त होने के बाद उन्होंने अपना दौरा शुरु कर दिया है। तरुण मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों की संख्या काफी अधिक हैं। ऐसे में ब्राह्मणों के उत्थान के लिए उचित कदम उठाए जाने की जरूरत है। आप खुद भी ब्राह्मण होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री है। इसलिए प्रदेश के ब्राह्मणों की उम्मीद आप पर टिकी हुई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में ब्राह्मणों की उपेक्षा हो रही है या ऐसा माहौल बना दिया गया है। इससे ब्राह्मण समाज बेहद चिंतित है। सत्ताधारी सरकार को इस मुद्दे पर गंभीरता से सोच-विचार करना चाहिए। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन न होने के कारण ब्राह्मण समाज की हालत बहुत ही दयनीय हो गई है। अपने हकों की लड़ाई के लिए आज उसे दर-दर की ठोकर खानी पड़ रही है। ब्राह्मणों की उपेक्षा और उन पर जगह-जगह हो रहे अन्याय के विरुद्ध संगठित होने की जरूरत है। ब्राह्मणों का इस्तेमाल वोट बैंक के रूप में होता आया है। लोकसभा चुनाव 2024 में ब्राह्मणों की जिस तरह से भाजपा द्वारा अनदेखी की गई, आज उसी का परिणाम है कि कई राज्यों में भाजपा अपनी सीट तक नहीं बचा पाई और उत्तर प्रदेश में भी काफी सीटों को खोना पड़ा।

तरुण मिश्र ने कहा ब्राह्मण समाज किसी के भी खिलाफ नहीं रहा है और हमेशा सर्व समाज को रास्ता दिखाने का कार्य किया है। इसके बावजूद भी ब्राह्मण समाज सदैव लोगों के निशाने पर रहा है। वर्तमान में हालत यह है कि ब्राह्मण समाज पर चौतरफा आक्रमण और अत्याचार हो रहे हैं। इसी वजह से तरुण मिश्र द्वारा पिछले काफी समय से ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन किए जाने की मांग की जा रही है। गौरतलब हो कि तरुण मिश्र निरंतर भ्रमणशील हैं। वह देश-विदेश का दौरा कर रहे हैं। ऐसे में वह ब्राह्मण समाज को संगठित करने और विभिन्न समस्याओं के निराकरण पर जोर दे रहे हैं। इसी सिलसिले में उत्तर प्रदेश सरकार के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके लखनऊ आवास पर मुलाकात की। तरुण मिश्र की बातों को सुनने के पश्चात उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा आपकी सभी बातों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जल्द ही इस पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी।