बड़े बकायेदारों पर निगम ने कसा शिकंजा भाजपा नेता की फर्म पर करोड़ों का बकाया होने पर लगाई सील

-रमते राम रोड शॉपिंग कंपलेक्स एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पर सीलिंग की कार्रवाई
-किराएदारों से बकाया वसूली के लिए कार्रवाई जारी रखें विभाग: नगर आयुक्त
-समय से अपना किराया जमा कर शहर के विकास में निभाएं अपनी जिम्मेदारी: महापौर

गाजियाबाद। नगर निगम ने बड़े बकायेदारों पर एक बार फिर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर बकायेदारों की दुकान, प्रतिष्ठानों पर ताले डाले जा रहे हैं। नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बकाया जमा नहीं करने पर रमते राम रोड शॉपिंग कंपलेक्स और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। नगर निगम बकायेदारों और किराएदारों को बकाया जमा करने के लिए कार्रवाई से पूर्व उन्हें आग्रह भी करता है। सील करने के साथ नोटिस चस्पा किया गया है कि यहां पर संपत्ति खरीदने से पहले नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण-पत्र जरूर प्राप्त कर लें। आर्थिक संकट से जूझ रहे नगर निगम को उबारने के लिए संपत्ति कर से इस बार बड़ी उम्मीद है। बकाया वसूली को लेकर डॉ. संजीव सिन्हा रोजाना शहर में दलबल के साथ निकलते हैं और हर जोन में बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को सील कर रहे हैं।

बुधवार को नगर आयुक्त के निर्देश पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने जोनल प्रभारी अंगद गुप्ता, संपत्ति अधीक्षक रामशंकर वर्मा, रामबली पाल और अन्य टीम के साथ मौके पर पहुंच कर सीलिंग की कार्रवाई की। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया किरायेदारों से बकाया वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम जिस पर 1 करोड़ 89 लाख 96 हजार 439 रुपये और रमते राम रोड शॉपिंग कंपलेक्स पर 2 करोड़ 5 लाख 43 हजार 45 रुपये बकाया था। सभी के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई करने से पूर्व किराया की राशि जमा करने के लिए इन्हें  नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद इन्होंने संपत्ति कर की राशि की अदायगी नहीं की। जिस कारण नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही थी। कार्यवाही को आगे बढ़ते हुए दोनों संपत्तियों को सील किया गया है। इसके अलावा 1146 दुकान जिन पर 2 करोड़ से अधिक का बकाया है। उनको भी अपना बकाया जमा करने के लिए नोटिस दिया जा चुका है। बकाया जमा न होने की दशा में आगामी कार्यवाही सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

बकायेदारों पर यह सीलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी बकायेदार निगम का संपत्ति कर या फिर किराया जमा नहीं करवाते हैं तो उनके विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक द्वारा समस्त जोनल प्रभारी और अन्य सभी टीम को किराएदारों से वसूली की कार्यवाही को सख्ती से करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना बनाते हुए टैक्स विभाग लगातार बकायेदारो को नोटिस भी जारी कर रहा है। महापौर सुनीता दयाल द्वारा व्यापारियों से समय से अपना किराया जमा करने के लिए अपील की गई है। शहर की विकास में अपनी भागीदारी निभाते हुए समय से अपना हाउस टैक्स और किराया जमा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि बकाया किराया जमा नहीं कराया जाएगा तो नगर निगम द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम और रमते राम रोड शॉपिंग कंपलेक्स पर कुल बकाया 3 करोड़ 95 लाख 39 हजार 486 रुपये होने की दशा में सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम को अधिकतम बोली पर मैसर्स रैली इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड को दो साल पहले किराए पर दिया गया था। फर्म के मालिक भाजपा नेता अशोक गुर्जर है। फर्म पर किराया का कुल 1 करोड़ 89 लाख 96 हजार 439 रुपए बकाया हैं। निगम की ओर से फर्म को कई बार नोटिस जारी किए गए। नोटिस प्राप्त करने के बाद भी भाजपा नेता होने एवं फर्म के मालिक ने नगर निगम में किराया जमा नहीं कराया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि अनुबंध की शर्तों के अनुसार किराएदार से बकाया किराया 1,89,96,439 रुपए वसूलने के लिए भू-राजस्व की भांति इसकी रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) तहसील से जारी कराकर बकाया धनराशि की वसूली की जाएगी। फर्म के मालिक को भी जल्द बकाया किराया जमा कराने के लिए कहा गया हैं।