14 को निगम कराएगा छात्र-छात्राओं की पेंटिंग प्रतियोगिता

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की नगर निगम की जारी मुहिम के तहत आगामी 14 मई रविवार को निगम द्वारा स्कूलों के छात्र-छात्राओं की आरडीसी स्थित फ्लाईओवर के पास पेंटिंग प्रतियोगिता कराएगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में टॉप-10 को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया जाएगा। पेंटिंग प्रतियोगिता में शहर  के कई विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी कला का हुनर दिखाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा समय-समय पर शहर की स्वच्छता को लेकर अभियान चलाए जा रहे है। इसी क्रम में पेंटिंग प्रतियोगिता का भी 14 मई रविवार को आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता में रजिस्ट्रेशन के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार से मोबाइल नंबर-8178016808 पर संपर्क कर सकते हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर आरडीसी फ्लाईओवर के पास सुबह 6:30 बजे से प्रतियोगिता शुरू कराई जाएगी। इसमें पेंटिंग का विषय कचरा पृथक्करण मुख्य रूप से होगा। शहर कई स्कूलों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। इच्छुक विद्यार्थी भी अपना रजिस्ट्रेशन उक्त मोबाइल नंबर पर कॉल कर करा सकते है।

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के माध्यम से कूड़ा-कचरा के निस्तारण को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विद्यार्थी जन जागरूकता अभियान चलाकर निगम का सहयोग करेंगे। विद्यार्थियों को पेंटिंग करने के लिए सभी सामग्री नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों, स्कूल स्टाफ  एवं  अभिभावकों के लिए रिफ्रेशमेंट व अन्य व्यवस्थाएं भी की गई है। कूड़ा-कचरा पृथक्करण के विषय को लेकर स्कूलों में भी पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा।