पार्षद ने माफी मांगी, काम पर लौटे चीफ इंजीनियर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बोले निगमकर्मी और पार्षद नगर निगम परिवार के हैं सदस्य

भाजपा पार्षद विरेंद्र त्यागी ने गलती स्वीकार करते हुए चीफ इंजीनियर एनके चौधरी से माफी मांग ली है। पार्षद द्वारा मांफी मांगे जाने के बाद चीफ इंजीनियर काम पर लौट आये हैं। पार्षद के माफीनामे के बाद बुधवार को विवाद का पटाक्षेप हो गया। नगर निगम के कर्मचारी पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराने पर अड़े थे। लेकिन नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस मामले में निर्माण विभाग के इंजीनियरों, कर्मचारियों और कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने सभी को समझाया कि पार्षद और निगमकर्मी नगर निगम परिवार के सदस्य हैं। पार्षद सम्मानित हैं ऐसे में सभी को आपस में बैठकर विवाद को सुलझा लेना चाहिये।

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भाजपा पार्षद विरेंद्र त्यागी ने गलती स्वीकार करते हुए चीफ इंजीनियर एनके चौधरी से माफी मांग ली है। पार्षद द्वारा मांफी मांगे जाने के बाद चीफ इंजीनियर काम पर लौट आये हैं। पार्षद के माफीनामे के बाद बुधवार को विवाद का पटाक्षेप हो गया। नगर निगम के कर्मचारी पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराने पर अड़े थे। लेकिन नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस मामले में निर्माण विभाग के इंजीनियरों, कर्मचारियों और कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। नगर आयुक्त ने सभी को सम­झाया कि पार्षद और निगमकर्मी नगर निगम परिवार के सदस्य हैं। पार्षद सम्मानित हैं ऐसे में सभी को आपस में बैठकर विवाद को सुलझा लेना चाहिये। नगर आयुक्त ने निगमकर्मियों को मोटिवेट किया कि वह शहरवासियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए किसी तरह से काम को बाधित ना करें। नगर आयुक्त की बातों का सम्मान करते हुए निगमकर्मियों ने प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया था। बुधवार को विवाद का पटाक्षेप होने पर सभी ने प्रसन्नता जताई है।
ज्ञात हो कि पिछले सप्ताह शनिवार को नंदग्राम के पार्षद विरेंद्र त्यागी ने विवादित फाइल पर साइन कराने को लेकर चीफ इंजीनियर एनके चौधरी के साथ विवाद किया था। पार्षद के अमर्यादित व्यवहार से आहत चीफ इंजीनियर ने ऐसे माहौल में काम करने से इंकार करते हुए छुट्टी पर चले गये थे। उधर, इस विवाद के बाद नगर निगम के इंजीनियरों और कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया। कर्मचारी पार्षद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गये। नगर आयुक्त के सम­झाने पर पर कर्मचारी शांत हुए। बुधवार को पार्षद विरेंद्र त्यागी नगर आयुक्त के कैंप कार्यालय पर पहुंचे और शनिवार की घटना के लिए खेद जताते हुए माफी मांगी। पार्षद के माफी मांगने के बाद चीफ इंजीनियर ने भी विवाद खत्म करते हुए काम पर लौट आये। इस दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सम्मानित पूर्व वरिष्ठ पार्षद राजेंद्र त्यागी, अपर नगरआयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी और दो पार्षद मौजूद थे। विवाद खत्म होने पर सभी लोगों ने प्रसन्नता जताई।