यमुना प्राधिकरण को ऊंचाइयों पर ले जाने वाले CEO डॉ. अरुणवीर सिंह को मिला सेवा विस्तार

– जेवर एयरपोर्ट और फ़िल्म सिटी परियोजना को जमीन पर उतारा है
– अब हेरिटेज सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी योजनाओं को धरातल पर लाना है

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा।।
प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अरुण वीर सिंह को सेवा विस्तार दिया है। वह यमुना प्राधिकरण के साथ-साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नियाल) के सीईओ रहेंगे। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। उन्होंने यमुना प्राधिकरण को ऊंचाइयों पर पहुँचाया है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह का कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा था। डॉ अरुणवीर सिंह ने यमुना प्राधिकरण को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट को धरातल पर उतारा। ग्लोबल टेंडर निकाल कर स्विस कंपनी का चयन किया। अब परियोजना आकर ले रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को भी धरातल पर उतारा है। फिल्म सिटी के विकास की जिम्मेदारी मशहूर फ़िल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी वेब्यू प्रोजेक्ट्स को दिया गया है। इसकी कागजी कार्रवाई पूरी हो गई है। अब निर्माण कार्य शुरू होना शेष है। यह काम भी जल्द हो जाएगा।

कई योजनाओं को अब पूरा करेंगे

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हेरिटेज सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। मेडिकल डिवाइस पार्क मेडिकल उपकरण बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से विकसित हो रहे इस पार्क में तमाम कंपनियां आ चुकी हैं।
डॉ अरुणवीर सिंह ने 2009 की आवासीय योजना के आवंटियों को कब्जा दे दिया। जब वह सीईओ का पदभार संभाला था, उस समय आवासीय योजना में आवंटन हो चुका था, लेकिन जमीन पर कब्जा तक नहीं था। सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करके जमीन पर कब्जा लिया और भूखंडों का विकास किया। आवंटियों को कब्जा दे दिया।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पांच औद्योगिक इकाइयां शुरू हुईं

साथ ही उनके कार्यकाल में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पांच औद्योगिक इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया। इसमें फॉर्च्यून 500 की कंपनी भी शामिल है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह की दूरदर्शिता के चलते ही सरकार ने उनको सेवा विस्तार दिया है। ओलंपिक विलेज और ओलंपिक स्टेडियम दिशा में भी तेजी से काम शुरू होने की उम्मीद है।