यीडा CEO डॉ. अरुणवीर सिंह की मेहनत से धरातल पर उतरी फिल्म सिटी, 27 जून को बेव्यू प्रोजेक्ट्स को मिलेगा जमीन पर कब्जा दिग्गज बॉलीवुड हस्ती बोनी कपूर लॉन्च करेंगे फिल्म सिटी मॉडल

-परियोजना के लिए 27 जून को समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए ग्रेटर नोएडा आएंगे बोनी कपूर
-यीडा बोर्ड रूम में बोनी कपूर अपने परिवार के साथ फिल्म सिटी के मॉडल को लॉन्च करेंगे

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सीईओडॉ. अरुणवीर सिंह की दूरदर्शिता के चलते फिल्म सिटी धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर फिल्म निमार्ता बोनी कपूर 27 जून को समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए ग्रेटर नोएडा आएंगे। इसके साथ ही उनकी कंपनी फिल्म सिटी के प्रथम चरण के लिए भूमि पर कब्जा भी लेगी। इसके गवाह यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन अनिल सागर मौजूद रहेंगे। जमीन पर कब्जा लेने के बाद यीडा के बोर्ड रूम में बोनी कपूर अपने परिवार के साथ फिल्म सिटी के मॉडल को लॉन्च करेंगे।

boney-kapoor-ali-ram-chentaley-film-city
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित है। पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा। इसके लिए बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स ने भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर सबसे अधिक बोली लगाकर विकासकर्ता कंपनी बनी है। यूपी कैबिनेट से आवंटन पत्र जारी किया जा चुका है। फिल्म सिटी के निर्माण से पहले दुनियाभर की फिल्म सिटी का अध्ययन करने के लिए बोनी कपूर ने कई देशों का दौरा किया है। अब यह परियोजना धरातल पर उतरने जा रहीहै। बोनी कपूर गुरुवार को यमुना प्राधिकरण आएंगे। यहां कंसेशनल एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर और फिल्म सिटी की जमीन का कब्जा देने की औपचारिकता पूरी होगी। यीडा बोर्ड रूम में बोनी कपूर फिल्म सिटी के मॉडल को भी लॉन्च करेंगे। इसके जरिये वे फिल्म सिटी को धरातल पर उतारने की जानकारी देंगे। मॉडल के जरिये पूरी फिल्म सिटी की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Arunveer Singh, ceo
डॉ. अरुणवीर सिंह,
मुख्य कार्यपालक अधिकारी , यमुना प्राधिकरण

फिल्म सिटी परियोजना के लिए यीडा और बोनी कपूर की कंपनी के बीच 27 जून को समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। इसी दिन कंपनी को जमीन का कब्जा दिया जाएगा। यह देश-प्रदेश के लिए बड़ी परियोजना है। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट जेवर और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगा।
डॉ. अरुणवीर सिंह,
सीईओ
यमुना प्राधिकरण

27 जून को दिग्गज बॉलीवुड हस्ती बोनी कपूर फिल्म सिटी मॉडल को लॉन्च करेंगे। कार्यक्रम को लेकर वह 26 जून को दिल्ली पहुंच रहे हैं। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में विकसित होने वाली फिल्म सिटी में एनिमेशन से लेकर भारतीय व क्षेत्रीय फिल्मों की शूटिंग की हर सुविधा मिलेगी।
अश्वनी चेंटले
फिल्म सिटी प्रोजेक्ट प्रभारी
बेव्यू प्रोजेक्ट्स एवं भूटानी ग्रुप

एसपीवी भी बनाई जाएगी
विकासकर्ता कंपनी को निर्माण शुरू करने से पहले सुरक्षा राशि के रूप में यमुना प्राधिकरण में 80 करोड़ रुपये जमा करने होंगे। फिल्म सिटी से होने वाली आय का 18 फीसदी भी यीडा को मिलेगा। फिल्म सिटी में सड़क सहित अन्य सुविधाएं प्राधिकरण विकसित करेगा। बोनी कपूर एसपीवी भी बनाएंगे, ताकि तय नियमों के अनुसार ही पूरा डिजाइन और निर्माण तैयार किया जा सके। निर्माण यीडा की ओर से कंपनी के समक्ष रखी गईं शर्तों के आधार पर ही होगा।

फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लेकर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक करते फिल्म सिटी प्रोजेक्ट प्रभारी अश्वनी चेंटले एवं भूटानी इंफ्रा के सीईओ अली राम चेंटले

फिल्म सिटी परियोजना ( एक नजर में)
कुल क्षेत्रफल-1000 एकड़
फिल्म एवं फिल्म संस्थान-780 एकड़
वाणिज्यिक-220 एकड़
पहला चरण-230 एकड़
दूसरा चरण-250 एकड़
तीसरा चरण-520 एकड़

फिल्म सिटी प्रोजेक्ट में कब क्या हुआ
2 अक्टूबर, 2020-परियोजना के प्रस्ताव पर यमुना प्राधिकरण की 70वीं बोर्ड बैठक में मुहर लगी।
14 दिसंबर 2020-कंसल्टेंट का चयन किया गया
27 अगस्त, 2021-पीपीपी बिड मूल्यांकन समिति ने आरएफपी और रियायत समझौते को मंजूरी दी।
23 नवंबर, 2021-पहला वैश्विक टेंडर जारी किया गया।
7 नवंबर, 2022 को दूसरा वैश्विक टेंडर जारी किया गया।
30 सितंबर, 2023 को तीसरा वैश्विक टेंडर जारी किया गया।
5 जनवरी 2024 को टेंडर डालने की आखिरी तारीख
30 जनवरी 2024 को फिल्म सिटी निर्माता कंपनी का चयन