नूरनगर में अवैध निर्माण पर गरजा जीडीए का बुलडोजर

-अवैध निर्माण पर निगरानी रखने के लिए मैदान में उतरी प्राधिकरण की टीम

गाजियाबाद। शहर में अवैध निर्माण कराने वालों की अब खैर नहीं है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) सीमा क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण पर सख्त रुख अख्तियार किया है। साथ ही अधिकारियों को अवैध निर्माणों पर निगरानी रखते हुए संबंधित निर्माणकर्ता को चिह्नित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए के सभी प्रवर्तन जोन प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए है कि बगैर नक्शा स्वीकृति के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कोई भी अवैध कॉलोनी में अवैध निर्माण न होने दिया जाए। अवैध निर्माण किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए प्रवर्तन जोन क्षेत्र में अवैध निर्माण पर निगरानी रखते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। इसके लिए निर्धारित रोस्टर बनाकर कार्रवाई की जाए। जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती के बाद अधिकारियों ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-2 प्रभारी ओएसडी कनिका कौशिक एवं प्रवर्तन जोन-1 प्रभारी रुद्रेश शुक्ला ने संयुक्त रुप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौकी द्वारा खसरा संख्या 225, ग्राम-नूरनगर के लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण, खसरा संख्या-175, ग्राम मोरटी में द्रोणाचार्य रोड पर बनवारी लाल द्वारा लगभग 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर निर्मित अवैध निर्माण और ग्राम-अटौर में सचिन सहलौत द्वारा लगभग दस हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित अवैध निर्माण को मौके पर पहुंचकर रुकवाया गया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त उक्त स्थलों के समीप छोटे-छोटे क्षेत्रफलों में अनाधिकृत रूप से निर्मित की जा रही बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त किया गया। साथ ही निर्देशित किया कि विशेष अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। निर्माणकर्ताओं/विकासकर्ताओं को निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माण बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगा। विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाये। नहीं तो अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा।
फोटो न: 8