सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम सख्त 100 किलो पॉलिथीन जब्त कर वसूला 1 लाख 52 हजार जुर्माना

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूक करने और चेतावनी देने के बाद अब नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। निगम ने दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को चेतावनी दी है कि कोई पॉलीथिन का उपयोग नहीं करें। पकडऩे जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक मुक्त अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को वसुंधरा जोन प्रभारी सुनील कुमार राय के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय द्वारा मुख्य रूप से अभियान के लिए चार टीम भी तैयार की गई। जिसमें कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक, सफाई नायक व अन्य संबंधित की टीम बनाई गई। अभियान के दौरान मार्केट एरिया में कार्यवाही करते हुए 1 लाख 52000 रुपये की वसूली की गई।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार शहर में प्लास्टिक मुक्त अभियान जोरों से चल रहा है। व्यापारियों को पॉलिथीन इस्तेमाल न करने की अपील भी की जा रही है जहां से पॉलिथीन जब्त हो रही है वहां जुर्माना की कार्यवाही भी निगम कर रहा है। योजना के क्रम में वैशाली सेक्टर 4, वसुंधरा सेक्टर 15, 16,17, व 18 और सूर्य नगर के मार्केट एरिया में अभियान चलाया गया, कार्यवाही के दौरान लगभग 100 किलो पॉलिथीन जब्त भी की गई। साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया साइट झंडापुर में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यवाही की गई। स्वास्थ्य विभाग और जोनल प्रभारी की टीम मिलकर प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चला रही है। नगर निगम शहर वासियों को लगातार प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए जागरूक कर रहा है। जिसके क्रम में स्कूलों में भी विद्यार्थियों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के बारे में जागरूक कर रहा है।

जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया नगर निगम द्वारा लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूक कर रहा है। ताकि लोग, दुकानदारों को संभलने का मौका मिल जाए। पिछले कई माह से जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों को सचेत किया जा रहा है। आम लोगों को भी बार-बार इनके इस्तेमाल से तौबा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब नगर निगम ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर रहा है जो परवाह नहीं कर रहे। पॉलीथिन पहले ही प्रतिबंधित है। गाजियाबाद शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाना है तो जरूरी है कि सभी नगर निगम का सहयोग करें।