शोक : कांग्रेस के चाणक्य अहमद पटेल का निधन

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार को तड़के निधन हो गया। स्वास्थ बिगडऩे पर कुछ दिन पहले उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दरम्यान उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित विभिन्न राजनीतिज्ञों ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। 71 साल के अहमद पटेल काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। एक माह पहले वह कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गए थे। इसके बाद से पटेल की सेहत खराब चल रही थी। तबीयत नासाज होने पर उन्हें कुछ दिन पहले गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराना गया था। मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। उपचार के दरम्यान बुधवार को तड़के करीब साढ़े 3 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने ट्वीट कर अपने पिता के निधन की जानकारी दी। कांग्रेस के चाणक्य कहलाने वाले अहमद पटेल के निधन से पार्टी में शोक की लहर है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पटेल के निधन पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मैंने एक सहयोगी को खो दिया है, जिसका पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित रहा। सोनिया ने कहा कि मैंने एक वफादार सहयोगी, एक दोस्त और एक ऐसे कॉमरेड को खो दिया, जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता है। मैं उनके निधन पर शोक व्यक्त करती हूं। साथ शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देती हूं। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी अहमद पटेल के निधन पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन ने एक मार्गदर्शक खो दिया है। उन्होंने कहा कि एमवीए के गठन के दौरान मुझे उनके अनुभव और मार्गदर्शन से मदद मिली। अहमद पटेल राजनीति के अलावा विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन से वह बेहद दुखी हैं।