आज होगी उत्तर प्रदेश की पहली सिटी ईवी एक्सेलरेटर कार्यशाला

-पर्यावरण सरंक्षण के लिए शहर को इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए किया जा रहा मोटिवेट
-सभी प्रशासनिक विभाग गाजियाबाद को इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए बनाए मजबूत: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। पेट्रोल और डीजल जैसे पारम्परिक ईंधन के उपयोग के कारण बढ़ते प्रदूषण को मद्देनजर रखते हुए, गाजियाबाद शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सकारात्मक वातावरण बनाना अत्यंत आवश्यक है। जिसके लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रयास तेज कर दिए है। शहर को इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल की तरफ जागरूक किया जा रहा है। जिसके लिए आर.एम.आई. इंडिया फाउंडेशन एनजीओ द्वारा नगर निगम के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जा रही है। शुक्रवार सुबह १०:३० बजे से कौशांबी स्थित रेडिसन ब्लू होटल में सिटी ईवी एक्सेलरेटर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गाजियाबाद के संबंधित सभी सरकारी विभागों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं तथा संबंधित कंपनियों को भी आमंत्रित किया गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीडीओ अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह आदि अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रशासनिक विभाग गाजियाबाद को इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए मजबूत बनाए। प्रदेश में पहली बार नगर निगम द्वारा सिटी इलेक्ट्रिक व्हीकल एक्सेलेरेटर कार्यशाला का आयोजन करेगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया वाहनों की बढ़ती संख्या से होने वाले वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करके हम स्वच्छ वातावरण बना सकते हैं। शहर को इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रति जागरुक करने के लिए सिटी ईवी एक्सेलेरेटर कार्यशाला का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, आवास विकास परिषद, आरटीओ विभाग, ट्रांसपोर्ट विभाग, ट्रैफिक विभाग, पेट्रोल पंप संगठन, आरडब्ल्यूए एसोसिएशन, इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरर कंपनियां, इलेक्ट्रिक व्हीकल यूजर्स, इलेक्ट्रिक चार्जिंग ऑपरेटर, वाहनों के डीलर्स, उद्योग बंधु व अन्य को आमंत्रित किया गया है। शहर को इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल के प्रति जागरूक करने के लिए विचार विमर्श करते हुए, वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम द्वारा इलेक्ट्रिक व्हीकल जन जागरूकता के लिए किया जा रहे कार्यक्रम की सराहना की गई। अन्य संबंधित विभागों को भी उत्साह पूर्वक प्रतिभाग करने के लिए निर्देश दिए। नगर निगम सीमा अंतर्गत इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के लिए २५ स्थान का चयन किया गया है। जहां पर ११० चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे, लखनऊ के बाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में दूसरा शहर है, जहां पर इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए कार्यवाही चल रही है। गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में पहला शहर है जहां पर इस प्रकार का मोटिवेशनल वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले समय में गाजियाबाद को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रयास करते हुए समय-समय पर इसी प्रकार इलेक्ट्रिक व्हीकल मोटिवेशनल कार्यक्रम कराए जाते रहेंगे। लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, बनारस मे भव्य अभियान के रूप में इलेक्ट्रिक व्हीकल का कार्य चल रहा है।

कार्यशाला में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह समेत अन्य विभागों के अधिकारी एवं आरएमआई इंडिया फाउंडेशन की डायरेक्टर समहिता, डिंपी सुनेजा आदि उपस्थित होंगे। नगर निगम लगातार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। नगर आयुक्त द्वारा शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए भी कार्यवाही चल रही है। जिसके लिए मोटिवेशनल कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं। इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए अधिकांश शहर वासी जागरूक हो रहे हैं। भव्य रूप से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शहर हित में कई विचार विमर्श होगी। जिसके लिए शहर के कई प्रमुख विभाग एक स्थान पर विशेष कार्यशाला का हिस्सा बन रहे हैं।