3-आर (रीयूज, रीसाइकिल, रिड्यूस), निगम ने चलाया जन जागरूकता अभियान

-थेला बैंक, ई-बैंक, बर्तन बैंक, नेकी की दीवार, बुक बैंक, प्लास्टिक लाओ एवं खाद ले जाओ केन्द्र स्थापित

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम कोई कोर कसर नही छोड़ रहा है। इसके साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए आए दिन नई-नई योजनाओं पर काम कर रहा है। नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत शहर में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान, जिससे शहर की स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा, शहर के प्रमुख चौराहों पर 6 तरह की योजनाएं थेला बैंक, ई-बैंक, बर्तन बैंक, नेकी की दीवार, बुक बैंक, प्लास्टिक लाओ एवं खाद ले जाओ को स्थापित किया है। इन योजनाओं से जहां शहर गंदगी मुक्त होगा वहीं प्लास्टिक मुक्त भी होगा। अक्सर लोग बेकार प्लास्टिक को घर से बाहर इधर-उधर फेंक देते है। जिसके बाद इसका असर जहां पर्यावरण पर पड़ता है, वहीं खुले में घूमने वाले पशु इनका शिकार हो जाते है। लेकिन नगर निगम ने इन वेस्ट चींजों का उपयोग कर उसका सदपयोग करने में सफलता हासिल की है।

स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशानुसार शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए कई योजनाएं वृहद स्तर पर शहर में चलाई जा रही हैं। बर्तन बैंक के माध्यम से शहर वासियों से अपील की जा रही है कि अपने परिवार एवं समाज में होने वाले कार्यक्रमों में डिस्पोजल के स्थान पर नगर निगम द्वारा स्थापित बर्तन बैंक के बर्तन का प्रयोग करें एवं अपने कार्यक्रम को पर्यावरण के अनुकूल बनाएं। थेला बैंक स्थापित करने के उद्देश्य से लोगों से अपील की जा रही है कि वह प्लास्टिक का उपयोग बंद करें एवं कपड़े से बने थैले का प्रयोग करें।

उन्होंने बताया कि नेकी की दीवार स्थापित करने के उद्देश्य से शहरवासियों से अपील की जा रही है कि आपके पास जो भी जरूरत का सामान है आवश्यकता से अधिक है या फिर आपके लिए कोई वस्तु अनुपयोगी हो गया है, जैसे कपड़े, बच्चों के खिलौने, किताबें, जूते चप्पल, व अन्य आवश्यक सामग्री वह नेकी की दीवार पर आकर रख जाइए आपको जो चाहिए वहां से ले जाए। इसी तरह प्लास्टिक लाओ खाद ले जाओ, ई- बैंक, बुक बैंक स्थापित किये गये। जो कि शहर के पांचो जोनों में चलाए जा रहे हैं। जिससे ना केवल शहर निवासियों को लाभ प्राप्त हो रहा है। बल्कि शहर को स्वच्छ बनाने में भी शहर वासियों का काफी सहयोग भी नगर निगम को मिल रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, पार्षद तथा क्षेत्रीय निवासियों का विशेष सहयोग उक्त योजनाओं में मिल रहा है। डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि गुरूवार को सिटी जोन में बाल्मीकि पार्क, पटेल नगर, बस स्टैंड, कालका गढ़ी चोक एवं नेहरू नगर में लगाया गया है। सभी जोन में इसी तरह पांच केन्द्र स्थापित किये जाएंगे। ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सकें।