पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल भी जरूरी: के.के शर्मा

-विश्व पर्यावरण दिवस पर सोशल चौकीदार ने पौधे लगाकर लोगों को किया जागरूक

गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने पर जोर रहता है, लेकिन लगाए गए पौधों की देखभाल बेहद जरूरी है। हर साल बड़ी संख्या में पौधे देखभाल के अभाव में दम तोड़ देते हैं। पर्यावरण के प्रति हमें पेड़-पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। यह बातें शनिवार को सोशल चौकीदार ट्रस्ट के संस्थापक के.के. शर्मा ने पर्यावरण दिवस पर अपने कविनगर आवास के बाहर पौधा लगाते हुए कहीं। उन्होंने कहा अगर हम पांच पौधे लगाने जा रहे हैं तो भले ही दो लगा लें, लेकिन उनकी पूरी देखभाल की जिम्मेदारी अच्छे से निभाएं। हरियाली कम होने से ग्लोबल वार्मिग की समस्या बढ़ रही है। भूगर्भीय जल स्तर कम हो रहा है, हवा भी दूषित हो रही है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए पेड़ों का अंधाधुंध कटान किया जा रहा है। के.के. शर्मा ने कहा अपने भविष्य के बारे में कोई चिंता नहीं है। पर्यावरण का बिगड़ता संतुलन खतरे की घंटी है। जागरूकता के लिए काफी अभियान चलाए जाते रहे हैं और चल भी रहे हैं। जागरूकता बढ़ी भी है, लेकिन अधिक पौधे लगाने के स्थान पर ये जरूरी है कि हम जो भी पौधा लगाएं उसकी परवरिश करें। सांई एन्क्लेव आरडब्लूए अध्यक्ष राज शर्मा ने कहा पौध तो खूब लगाए जाते हैं। सरकारी स्तर पर ही काफी पौधारोपण होता है। जरूरत है, उन्हें संरक्षित करने की। मेरा मानना है कि जब हम शहर-गांव में संरक्षक तैयार करेंगे तो निश्चित रूप से अच्छे परिणाम आएंगे। हमें पौधे लगाने से अधिक, लग चुके पौधों की देखभाल पर फोकस करना होगा। साथ ही लोगों को जागरूक भी करे। सड़क किनारे, घर के बाहर पौधे लगाए जा सकते हैं। घर के गमलों में भी पौधे लगा सकते हैं। इसका भी फायदा ही है। घर की सुंदरता भी बढ़ेगी। जब हम तपती धूप से परेशान होते हैं तो छाया के लिए पेड़ की तलाश करते हैं। इस दौरान राजकुमार तिवार समेत अन्य लोग भी पौधा रोपण कार्यक्रम में शामिल रहें।