नगर आयुक्त ने आगामी त्योहारों को लेकर की समीक्षा बैठक सफाई व्यवस्था को बेहतर करने की बनाई कार्य योजना

-प्लास्टिक मुक्त एवं जीरो वेस्ट हों भंडारे व अन्य धार्मिक अनुष्ठान: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। आगामी त्यौहार गंगा दशहरा, ईद उल अजहा, योग दिवस व अन्य त्योहारों को लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम सभागार में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर कार्य योजना तैयार की गई। गंगा दशहरा, ईद उल अजहा, योग दिवस व अन्य त्योहार पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया नगर निकाय प्रमुख सचिव के निर्देश के क्रम मे बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम के विभागीय अधिकारियों को बुलाया गया। शहर में ईद उल अजहा के अवसर पर सभी मस्जिदों की सफाई व्यवस्था, कुर्बानी वाले स्थल पर सैनिटाइजेशन, ब्लीचिंग पाउडर डस्ट आदि का छिड़काव करने के निर्देश दिए। कुर्बानी के बाद वेस्ट को समय से निस्तारित करने के लिए भी निर्देश दिए गए। पेयजल के लिए आवश्यक रूप से व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

शहर से उठने वाला कूडा तिरपाल से ढककर प्लांट पर भेजा जाए। ईदगाह और सभी मस्जिदों के आस पास विशेष सफाई की जाए। उक्त क्षेत्रों में खराब पड़ी लाइटों के तत्काल प्रभाव से बदला जाए। ईद पर पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। टूटी हुई सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के निर्देश दिए है। गंगा दशहरा व अन्य त्योहारों पर आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों को पूर्ण रूप से जीरो वेस्ट बनाए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए। भंडारे में अन्य कार्यक्रम में प्लास्टिक का उपयोग ना हो, इसके लिए जागरुक भी किया जाए। धार्मिक अनुष्ठानों के स्थलों पर डस्टबिन व सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भी निर्देश दिए। त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने में पुलिस कोई कोर कसर न छोड़े। स्वास्थ्य विभाग गंगा दशहरा, ईद उल अजहा को लेकर अपने कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करें, जो समय-समय पर सफाई का कार्य करती रहें। नगर निगम त्योहारों को लेकर कार्य योजना बना रहा है। जिसमें नगर आयुक्त द्वारा भी अहम बैठक बुलाई गई।

सभी विभागीय अधिकारी एकजुट होकर टीम के रूप में कार्य करें, जिसके लिए मोटिवेट किया गया। नगर आयुक्त द्वारा एसबीएम टीम में अन्य को अधिक से अधिक स्वच्छता के प्रति जागरूक अभियान चलाने के लिए कहा गया। जिसमें विशेष रूप से धार्मिक अनुष्ठानों को जीरो वेस्ट बनाया जाए, जागरूक करने के लिए निर्देश दिए। धार्मिक स्थलों को भी स्वच्छ बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा नगर आयुक्त ने उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह को नंदी पार्क गौशाला पर गोवंशों का विशेष ध्यान रखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त भी समय-समय पर गौशाला व गोवंश की देखरेख के लिए निरीक्षण करें।

कैटल कैचिंग अभियान को तेज करने के लिए भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अकाउंट ऑफिसर डॉ. गीता रानी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार सिंह, एएओ जेपी सिंह, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, देशराज सिंह, जोनल प्रभारी सुनील राय, विवेक त्रिपाठी, राजवीर सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।

प्लास्टिक मुक्त व जीरो वेस्ट हो भंडारे
नगर आयुक्त ने बताया कि प्लास्टिक का भंडारण व वितरण दोनों ही संज्ञेय अपराध है। जिसके लिए नगर निगम लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरुक करने के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चला रहा है। शासन ने प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा रखा है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार इसे लेकर काफी गंभीर है। न केवल शहर बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी प्लास्टिक, धर्माकाल व इससे बनने वाली वस्तुओं के अलावा पॉलिथीन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगना बेहद जरुरी है। त्योहारों में होने वाले भंडारे में प्लास्टिक का बिल्कुल भी प्रयोग न करें। नगर आयुक्त निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन रोस्टर अनुसार अभियान चलाकर कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरुक भी किया जाए।