पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची निगम की टीम पर किया पथराव हवलदार का फोड़ा सिर, एफआईआर दर्ज

गाजियाबाद। प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम की टीम पर पुरानी सब्जी मंडी में व्यापारियों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। पत्थर सिर में लगने से आर्मी से रिटायर एक हवलदार जख्मी हो गया। उसके सिर से खून बहने लगा। इस मामले में सिहानी गेट थाने में तीन दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह बवाल उस समय हुआ। जब प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन के खिलाफ  अभियान चला रही नगर निगम की टीम दोपहर को पुराना बस अड्डा स्थित सब्जी मंडी में पहुंची। यहां पर निगम के सिटी जोनल प्रभारी आनंद गुप्ता,टैक्स अधीक्षक व प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण प्रवर्तन दल के साथ प्लास्टिक जब्त करने के लिए पहुंची थी। निगम के कर्मचारियों का दुकानदार से विवाद हो गया। नगर निगम प्रवर्तन दस्ते पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। मामला बिगड़ता देख मौके पर पार्षद मुलायम उर्फ प्रवीण कुमार भी पहुंच गए।

पार्षद के पहुंचने पर दुकानदार व भीड़ में शामिल अतुल गौतम पुत्र किशोर कुमार गौतम प्रवर्तन दल की ओर आए और रिटायर हवलदार हरीश कुमार के सिर पर ईंट फेंक कर मारी। ईंट लगने से सिर से खून बहने लगा। इस मामले में सिटी जोन के टैक्स अधीक्षक ने तरूण उर्फ रिंंकू,अतुल गौतम व अन्य अज्ञात भीड़ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तत्काल संगीन धाराओं में धारा-147,148,323,332,336,352,353 के तहत केस दर्ज कर लिया हैं। एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि निगम के सिटी जोन के टैक्स अधीक्षक की तहरीर पर दो नामजद व अन्य के खिलाफ अज्ञात में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विवाद की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक पथराव कर रहे लोग वहां से भाग निकले। इस मामले में नगर निगम की ओर से सिहानी गेट थाने रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सब्जी मंडी में विवाद के दौरान पार्षद और निगम कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस पार्षद मुलायम को सिहानी गेट थाने ले आई। सिहानी गेट थाने पर नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा समेत कई पार्षद और व्यापारी भी पहुंच गए।कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने एसीपी रवि कुमार सिंह से पुलिस की एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। राजीव ने कहा कि नगर निगम का मामला है।

पार्षद दोषी नहीं है। यह साहिबाबाद की तरह का मामला नहीं होने दिया जाए। अगर पुलिस ने कार्रवाई की तो थाने में सभी पार्षद धरना देंगे। इसमें तीन व्यापारी भी घायल हुए हैं।प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण (सेवानिवृत्त) ने बताया कि पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को टीम सब्जी मंडी पहुंची थी। इस दौरान एक दुकान पर पॉलीथिन मिलने पर चालान किया जा रहा था, तभी काफी संख्या में दुकानदार एकत्र हो गए। दुकानदारों को समझाया जा रहा था तभी कुछ लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया।