बरसात में जलभराव-सीवर ओवरफ्लो की समस्या न हो उत्पन्न: अतुल वत्स

-जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई शुरु

गाजियाबाद। वर्षा का मौसम शुरू होते ही शहर में आफत शुरू हो गई है। जीडीए की इंदिरापुरम कॉलोनी, मकनपुर एवं प्रहलाद गढ़ी में बारिश से जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की समस्या न हो इसके लिए जीडीए ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। जिसके लिए नालों की सफाई कराई जा रही है। अभियंत्रण जोन के इंजीनियरों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए अभियंत्रण जोन-6 के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन एवं सहायक अभियंता पीयूष सिंह को निर्देश दिए कि इंदिरापुरम में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसलिए नालों की सफाई कराने के साथ सीवर ओवरफ्लो की समस्या का निस्तारण समय से कर लिया जाए। इंदिरापुरम के न्याय खंड-3 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। इसका जीडीए इंजीनियरों द्वारा अब निस्तारण किया जा रहा है। सड़क पर सीवर का पानी न फैले इसके लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इंदिरापुरम के मकनपुर, न्याय खंड-3, प्रहलाद गढ़ी, इंद्रप्रस्थ ब्लॉक डी आदि में सीवर ओवरफ्लो से लोग परेशान है। ओवरफ्लो से आसपास के घरों में दुर्गंध फैल रही है। इससे बीमारी फैलने का डर बना हुआ है। सीवर ओवरफ्लो होने से सड़क पर गंदा पानी भरने से भी आवाजाही प्रभावित हो रही है। इंद्रप्रस्थ में सीवर का पानी भरने से लोगों को परेशानी हो रही है। जीडीए और नगर निगम में लोगों ने अब शिकायत की है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स का कहना है कि इंदिरापुरम कॉलोनी क्षेत्र में बारिश से जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या का निस्तारण जल्द कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद जलभराव न हो।

इसके लिए क्षेत्र के इंजीनियर को मौके पर मुस्तैद होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए है। इंदिरापुरम क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने के साथ-साथ सीवर ओवरफ्लो की समस्या का निस्तारण जल्द करा लिया जाएगा। वहीं, जीडीए के सहायक अभियंता पीयूष सिंह का कहना है कि जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर इंदिरापुरम क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर उस पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। सीवर की सफाई की जा रही हैं। लोगों की समस्या का जल्द समाधान कर लिया जाएगा।