दुधमुंहे बच्चों का यौन शोषण को उकसाने वाली कुंवारी बेगम गिरफ्तार

गाजियाबाद। दुधमुंहे बच्चों का यौन शोषण करने के लिए उकसाने वाली यूट्यूब चैनल पर ‘कुंवारी बेगम के नाम से वीडियो बनाने वाली शिखा मैत्रेय शर्मा को कौशांबी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को इसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वह बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न करने की सलाह दे रही थी। युवती का नाम शिखा मैत्रेय पुत्री जितेंद्र कुमार शर्मा निवासी मकान नंबर-436 हापुड़ रोड इंद्रगढ़ी मसूरी है। मूलरूप से गांव रईसपुर की रहने वाली हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण को इसकी शिकायत की थी। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण के संज्ञान लेने पर कौशांबी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया है। कार्यवाहक सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम रितेश त्रिपाठी ने बताया कि महिला शिखा मैत्रेय को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में एक्स पर लोगों ने वीडियो को देखकर कार्रवाई की मांग भी की थी। यूट्यूब पर महिला का कुंवारी बेगम के नाम से चैनल है। महिला ने यूट्यूब पर बच्चों के साथ यौन शोषण करने का वीडियो बनाकर अपलोड किया है। दीपिका नाम के एक्स अकाउंट से इस वीडियो की शिकायत की गई है।

वीडियो में महिला बोल रही है कि जिन बच्चों के दांत नहीं है, उनके साथ यौन शोषण किया जाना चाहिए। इसी तरह महिला बच्चों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही है। वह फॉलोअर्स को इंटरेक्ट कर रही है। फॉलोअर्स के सवालों का जवाब देती हुई दिख रही है। विवाद बढऩे के बाद शिखा ने सभी वीडियो डिलीट कर दिए थे। जब तक महिला ने वीडियो डिलीट किए तब तक काफी लोगों ने उसे डाउनलोड कर लिया था। इसके बाद इस पोस्ट को पांच हजार से अधिक लोगों ने रिपोस्ट किया। वहीं,911 लोगों ने एक्स के इस वीडियो पर कमेंट कर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। एक्स पर इस वीडियो को शाम आठ बजे तक 22 लाख से अधिक लोग देख चुके थे। एक्स अकाउंट पर इस महिला की शिकायत दीपिका नारायण ने की थी।

यह चैनल पर ऑनलाइन आकर वह अपने फॉलोअर्स से बात करती है और उनके सवालों के जवाब देती है। वीडियो के विवादों में आने पर उसने यूट्यूब को भी प्राइवेट कर दिया है। शिखा मैत्रेय उर्फ कुंवारी बेगम है। वह निफ्ट दिल्ली से 2021-22 बैच की पास आउट है। शिखा फिलहाल एक संस्था के साथ काम कर रही है, जो दिल्ली के कालकाजी से संचालित है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ इसके आवास से कंप्यूटर और मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस कंप्यूटर और सोशल मीडिया चैनल्स को भी खंगालने में जुटी हुई है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या वह इससे पहले भी अश्लील सामग्री परोसती रही है।