प्रधानमंत्री के ग्रेटर नोएडा आगमन की तैयारियों को परखने पहुंचे मुख्य सचिव और डीजीपी

– इंडिया एक्सपो मार्ट में 12 सितंबर को वर्ल्ड डेयरी समिट-2022 का पीएम करेंगे उद्घाटन

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। अगले सप्ताह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रेटर नोएडा आएंगे। प्रधानमंत्री ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में होने वाले वर्ल्ड डेयरी समिट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा और डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने इंडिया एक्सपो मार्ट का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकाल से जुरूी तैयारियों को परखा। कहीं किसी स्तर पर कोई चूक ना रहे इसको लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान गृह मंत्रालय व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक भी हुई।

वर्ल्ड डेयरी समिट-2022 का 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बुधवार दोपहर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा और डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान एक्सपो मार्ट पहुंचे। मुख्य सचिव और डीजीपी ने पुलिस आयुक्त आलोक सिंह, मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी सुहास एलवाई व गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ सबसे पहले हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। हेलीपैड पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री किस रूट से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे, इसके लिए सुरक्षा की क्या व्यवस्था की गई, इस बारे में पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद प्रधान मंत्री के कार्यक्रम स्थल, मंच आदि का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

स्थलीय निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। मुख्य सचिव ने एक्सपो मार्ट प्रबंधन से भी सुरक्षा संबंधी जानकारी हासिल की। स्थल निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक्सपो मार्ट के मीटिंग हॉल में बैठक हुई। इसमें आयोजकों ने वर्ल्ड डेयरी सम्मिट-2022 की जानकारी साझा की। मुख्य सचिव ने कहा कि भारत पूरे विश्व में दुग्ध उत्पादन में प्रथम स्थान पर है।

भारत में उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में पहले पायदान पर है। बहुत समय के उपरांत वर्ल्ड डेयरी समिट भारत में आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी-अपनी कार्ययोजना बनाकर अपने कार्य में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भारत की गाय का दूध गुणवत्ता के मानकों में विश्व प्रसिद्ध है। आयोजकों द्वारा वर्ल्ड डेयरी सम्मिट में अच्छी नस्ल की गायों के प्रदर्शन का प्रयास किया जाए। इस अवसर पर सेकेट्री फिशरीज भारत सरकार जितेंद्र नाथ स्वेन, एडिशनल सेक्रेटरी भारत सरकार वर्षा जोशी, चेयरमैन एनडीडीवी मिनेश शाह, संयुक्त पुलिस आयुक्त लव कुमार आदि मौजूद रहे।