-तमंचे के बल पर छह बच्चों समेत परिवार को बनाया बंधक, महिला के हाथ पर चाकू मारकर किया घायल
-डेढ़ घंटे तक घर का कोना-कोना खंगाला, जेवर और सवा लाख की नकदी लेकर फरार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मोदीनगर के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना में सोमवार देर रात बदमाशों ने मिर्ची का धुआं कर स्क्रैप कारोबारी के घर धावा बोल दिया। करीब छह से आठ नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने पांच वर्षीय बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर पूरे परिवार को आतंकित किया। करीब डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट करने के बाद बदमाश सोने-चांदी के जेवर और करीब सवा लाख रुपये की नकदी लेकर जंगल के रास्ते फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी अफरोजी के हाथ पर चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। कलछीना निवासी सद्दाम दिल्ली में स्क्रैप का कारोबार करते हैं। वह गांव के बाहरी छोर पर कब्रिस्तान के पास पत्नी अफरोजी और छह बच्चों के साथ रहते हैं। मकान के बाहर किराने की दुकान भी है, जिसे उनकी पत्नी और बच्चे संभालते हैं। सोमवार रात परिवार घर में सो रहा था। करीब दो बजे अचानक कमरे में घुटन और धुएं के कारण परिवार की नींद खुली।
जब परेशानी बढ़ी तो अफरोजी दुकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, बाहर घात लगाए बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया और जबरन घर में दाखिल हो गए। करीब छह बदमाश अंदर घुस आए। बदमाशों ने अफरोजी के दुपट्टे से उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद दो बदमाश तमंचा ताने परिवार के सामने खड़े हो गए, जबकि एक बदमाश ने पांच वर्षीय अन्नान की गर्दन पर चाकू रख दिया। परिवार को धमकाते हुए बदमाशों ने विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। पीडि़त सद्दाम के अनुसार बदमाश बार-बार घर में 10 किलो चांदी और पांच लाख रुपये नकद होने की बात कह रहे थे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक घर का कोना-कोना खंगाला, लेकिन उन्हें बताई गई मात्रा में चांदी और नकदी नहीं मिली। इसके बाद बदमाशों ने घर में मौजूद सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली। अफरोजी के कानों से कुंडल और झुमके, सोने के कड़े, तीन जोड़ी पाजेब और पैरों की चुटकी तक उतरवा ली। इस दौरान अफरोजी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके हाथ पर चाकू मार दिया।
पीडि़त का कहना है कि बदमाश करीब सवा लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवर लेकर फरार हुए हैं। परिवार के मुताबिक कुल करीब 10 लाख रुपये का सामान लूटा गया है। वारदात के दौरान बदमाशों ने पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। बदमाशों ने बच्चों को स्कूल से अगवा कर हत्या करने की धमकी दी और उनके स्कूल का नाम तक लिया। इससे परिवार और अधिक सहम गया। करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहने के बाद बदमाश पड़ोसी के शोर मचाने पर जंगल की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीडि़त का मकान गांव के बाहरी छोर पर है। आसपास जंगल और कब्रिस्तान होने के कारण बदमाशों के भागने के कई रास्ते हैं। घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। हालांकि भ_े की ओर जाने वाले रास्ते पर कैमरे लगे होने की जानकारी सामने आई है। बदमाशों द्वारा बार-बार घर में रखी चांदी और नकदी का जिक्र किए जाने से पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बदमाशों ने परिवार की रैकी की होगी। पुलिस अब इस दिशा में भी जांच कर रही है।

















