-गाजियाबाद के सभी बहुमंजिला भवनों में चल रहा है सघन फायर ऑडिट अभियान
-मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई, नोटिस के बाद भी लापरवाही पर दर्ज होंगे मुकदमे
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में लगातार बढ़ते ऊंचे भवनों और बढ़ते अग्निकांड के जोखिम को देखते हुए अग्निशमन तथा आपात सेवा कमिश्नरेट, गाजियाबाद ने बहुमंजिला इमारतों में सघन फायर ऑडिट अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के अंतर्गत हर बहुमंजिला भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि भवनों में किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की हानि न हो। फायर ऑडिट के दौरान भवनों में लगे अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता का परीक्षण, उपलब्ध स्टाफ एवं निवासियों को सिस्टम की कार्यप्रणाली की जानकारी देना, और आकस्मिक स्थिति में सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया को समझाना प्राथमिकता में है। इसके लिए मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया जा रहा है ताकि लोग केवल उपकरणों पर ही नहीं, सही समय पर सही कदम उठाने में भी दक्ष बन सकें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि फायर ऑडिट के दौरान ऐसे बहुमंजिला भवन जहां अग्निशमन मानकों का पालन नहीं किया गया है, वहां के प्रबंधनों को उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा अधिनियम 2022 के अंतर्गत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। सीएफओ राहुल पाल ने स्पष्ट किया कि यदि नोटिस जारी होने के बाद भी भवन स्वामी सुरक्षा उपकरणों को कार्यशील नहीं करते, तो उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। हम ऐसे मामलों को अदालत में ले जाकर दंडात्मक कदम उठा रहे हैं, ताकि नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सिद्धार्थ बिहार सेक्टर-7 में आवास विकास परिषद द्वारा निर्मित एक भवन तथा राजनगर एक्सटेंशन स्थित के.एम. रेजिडेंसी के खिलाफ अग्नि सुरक्षा के अभाव में पहले ही गाजियाबाद जनपद न्यायालय में वाद दायर किए जा चुके हैं। सीएफओ राहुल पाल ने कहा, भवन मालिकों और प्रबंधकों को चाहिए कि वे आग से सुरक्षा को प्राथमिकता दें। यह केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। विभाग का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि भविष्य की त्रासदियों को टालना है। गाजियाबाद अग्निशमन विभाग का यह अभियान एक स्पष्ट संकेत है कि सुरक्षा मानकों से समझौता अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब समय है कि हर इमारत आग से लडऩे के लिए तैयार हो नियमों से, तकनीक से और जिम्मेदारी से।

















