नेहरू क्रिकेट स्टेडियम का बदलेगा रंग-रूप, खिलाडिय़ों से आमजन तक को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

  • जीडीए उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल और सदर विधायक संजीव शर्मा ने किया स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण
  • वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, स्ट्रीट लाइट और हरित क्षेत्र होंगे विकसित, ड्रेनेज व्यवस्था भी होगी दुरुस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गांधी नगर स्थित नेहरू क्रिकेट स्टेडियम के दिन अब बदलने वाले हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने स्टेडियम को खिलाडिय़ों, युवाओं और आमजन के लिए बेहतर एवं आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी है। स्टेडियम में खेल सुविधाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा। इसके लिए रविवार सुबह जीडीए उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल और सदर विधायक संजीव शर्मा ने जीडीए अधिकारियों के साथ स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। सुबह करीब आठ बजे स्टेडियम पहुंचे अधिकारियों ने पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, अनुरक्षण, हरित क्षेत्र, प्रकाश व्यवस्था, खिलाडिय़ों और आमजन को उपलब्ध सुविधाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि स्टेडियम में आने वाले खिलाडिय़ों और सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को किन सुविधाओं की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेडियम को केवल क्रिकेट गतिविधियों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे युवाओं और आमजन के लिए भी उपयोगी खेल एवं स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

जीडीए उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने स्टेडियम की स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अनुरक्षण एजेंसी से नियमित साफ-सफाई कराने, परिसर का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने और अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले खिलाडिय़ों और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और सुव्यवस्थित रखने के साथ मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए। स्टेडियम में आने वाले खिलाडिय़ों को अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिले और आमजन को भी स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध हो, इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम को अधिक उपयोगी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित कार्यों में वॉकिंग ट्रैक का निर्माण एवं सुधार, ओपन जिम की स्थापना, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करना, उद्यान एवं हरित क्षेत्रों का विकास और ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्टेडियम के विकास में केवल निर्माण कार्य ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा, हरियाली और नियमित रखरखाव को भी प्राथमिकता दी जाएगी। जीडीए का लक्ष्य नेहरू क्रिकेट स्टेडियम को ऐसा सुव्यवस्थित खेल परिसर बनाना है, जहां खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों का स्थान और आमजन को स्वास्थ्य एवं खेल संबंधी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।

वॉकिंग ट्रैक और ओपन जिम से बढ़ेगी सुविधा
स्टेडियम में वॉकिंग ट्रैक और ओपन जिम विकसित होने से सुबह-शाम आने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं हरित क्षेत्र के विकास से परिसर का वातावरण और बेहतर होगा। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत होने से शाम के समय भी खिलाडिय़ों और आमजन के लिए परिसर अधिक सुरक्षित रहेगा। जीडीए की ओर से स्टेडियम को प्लास्टिक-मुक्त क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों को भी जागरूक किया जाएगा।

अधिकारियों का मानना है कि स्वच्छ और हरित वातावरण खिलाडिय़ों की खेल गतिविधियों के साथ आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी साबित होगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि नेहरू क्रिकेट स्टेडियम शहर के युवाओं और खिलाडिय़ों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। इसलिए यहां होने वाले प्रत्येक विकास कार्य में गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे कराए जाएं।

प्राक्कलन तैयार कर जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष ने अभियंत्रण अनुभाग को शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमानुसार निविदा प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि चयनित एजेंसी के माध्यम से विकास कार्यों को बिना अनावश्यक देरी के शुरू कराया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अनुरक्षण एजेंसी द्वारा लीज के संबंध में जीडीए में जमा कराई गई धनराशि के सापेक्ष खिलाडिय़ों और आमजन के हित में आवश्यक विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं।

इसका उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्टेडियम की सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। जीडीए की इस पहल से नेहरू क्रिकेट स्टेडियम को शहर के प्रमुख खेल परिसरों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्टेडियम के विकसित होने से जहां खिलाडिय़ों को अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, वहीं युवाओं को स्वस्थ गतिविधियों से जुडऩे का अवसर मिलेगा। सुबह और शाम टहलने वाले लोगों को भी बेहतर वॉकिंग ट्रैक और हरित वातावरण की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।