38 IAS अधिकारियों के तबादले, नोएडा-यमुना प्राधिकरण, गाजियाबाद-वाराणसी के नगर आयुक्त और कई जिलों के DM बदले

चुनाव आयोग के निर्देश पर यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: आयोग के मानकों का अनुपालन करते हुए राज्य सरकार ने 38 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक फेरबदल में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) सहित गाजियाबाद व वाराणसी के नगर आयुक्तों और कई जिलों के जिलाधिकारियों (DM) व विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों (VC) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के कड़े दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन ने ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल किया है। आयोग के मानकों का अनुपालन करते हुए राज्य सरकार ने 38 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक फेरबदल में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) सहित गाजियाबाद व वाराणसी के नगर आयुक्तों और कई जिलों के जिलाधिकारियों (DM) व विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों (VC) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत एक ही जिले या पद पर तीन वर्ष से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराना है।
प्रमुख तबादलों का ब्यौरा इस प्रकार है:
    • नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में बड़े बदलाव: शासन ने गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्रमुख औद्योगिक प्राधिकरणों में प्रशासनिक कसावट लाते हुए कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे संजय कुमार मीणा को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) नियुक्त किया गया है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण की ACEO रहीं वंदना त्रिपाठी को स्थानांतरित कर सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। 
    • गाजियाबाद और वाराणसी के नगर आयुक्त बदले: गाजियाबाद नगर निगम के नगरायुक्त पद पर तैनात रहे विक्रमादित्य सिंह मलिक को स्थानांतरित कर मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) का नया उपाध्यक्ष (VC) एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक, मेरठ बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के नगर आयुक्त रहे हिमांशु नागपाल को अब गाजियाबाद का नया नगरायुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर कार्यरत रहे संजय कुमार मीना को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है।
    • प्रथमेश कुमार: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष पद से स्थानांतरित कर इन्हें सीतापुर का नया जिलाधिकारी (DM) बनाया गया है। वहीं, सीतापुर के DM रहे राजागणपति आर. को सूडा (SUDA) का निदेशक बनाया गया है।
    • अनुज सिंह: मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं अपर निदेशक, मंडी परिषद रहे अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष (VC) नियुक्त किया गया है। 
    • जोगिंदर सिंह: विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के पद से स्थानांतरित कर इन्हें बिजनौर का नया जिलाधिकारी (DM) बनाया गया है। 
    • सिद्धार्थनगर और महराजगंज के DM की अदला-बदली: शासन ने दोनों पड़ोसी जिलों के जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। महराजगंज के जिलाधिकारी रहे गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी रहे शिवशरणप्पा जी.एन. को अब महराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। 

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में शासन द्वारा सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए गए हैं।