- आधी रात को खुद मोर्चे पर उतरे जिला आबकारी अधिकारी, कैफे में अवैध शराब पिलाने का भंडाफोड़
- जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में देर रात हुई छापेमारी, मैनेजर गिरफ्तार
- बिना लाइसेंस चल रही शराब पार्टी पर आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम का छापा
- 16 कैन बीयर और विदेशी शराब की दो खाली बोतलें बरामद, संचालक फरार
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। अवैध शराब के कारोबार और बिना लाइसेंस शराब पिलाने वालों के खिलाफ जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने सख्त रुख अपना लिया है। विभागीय कार्रवाई केवल दिन में दुकानों की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि रात के अंधेरे में भी आबकारी विभाग की टीमें तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं। कार्रवाई की जमीनी हकीकत परखने और विभागीय टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी स्वयं भी देर रात औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी सख्ती का नतीजा है कि शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे सेक्टर-113 क्षेत्र में क्रिकेट ग्राउंड स्थित पफ एंड स्पाइस कैफे पर छापेमारी कर बिना लाइसेंस ग्राहकों को शराब पिलाने के मामले का खुलासा किया गया। मौके से कैफे के बार मैनेजर को गिरफ्तार किया गया, जबकि संचालक फरार हो गया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और बिना अनुमति शराब परोसने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में शराब की दुकानों की जांच के साथ ही संदिग्ध ठिकानों, होटल, रेस्टोरेंट, बार और ढाबों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली और हरियाणा की सीमा से सटे होने के कारण जिले में शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। खासतौर पर हाईवे और प्रमुख मार्गों पर स्थित होटल-ढाबों की जांच की जा रही है, जहां अवैध रूप से शराब पिलाने की शिकायतें मिल रही थीं। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने सभी आबकारी निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग और छापेमारी की कार्रवाई में तेजी लाएं।

होटल, रेस्टोरेंट, बार और ढाबों की नियमित जांच के साथ मुखबिर तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। उन्होंने साफ कहा कि कहीं भी अवैध रूप से शराब बेचने, पिलाने या अन्य अनियमित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिला आबकारी अधिकारी की इस सक्रिय कार्यशैली से विभागीय टीमों में भी कार्रवाई को लेकर तेजी आई है। अब विभाग की निगरानी केवल शराब की दुकानों तक सीमित नहीं, बल्कि देर रात तक संचालित होने वाले होटल, कैफे और पार्टी स्थलों तक पहुंच गई है।
आधी रात को कैफे में पहुंची संयुक्त टीम
इसी क्रम में शुक्रवार देर रात आबकारी निरीक्षक संजय चंद्र और थाना सेक्टर-113 पुलिस की संयुक्त टीम ने क्रिकेट ग्राउंड स्थित पफ एंड स्पाइस कैफे पर दबिश दी। जांच के दौरान कैफे में कुछ लोग शराब पीते हुए मिले। टीम ने जब वहां मौजूद मैनेजर से शराब परोसने का वैध लाइसेंस मांगा तो वह कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा सका। आबकारी विभाग के अनुसार इस प्रकार के आयोजन में शराब परोसने के लिए एफएल-11 इवेंट बार लाइसेंस लेना अनिवार्य है।
बिना लाइसेंस शराब परोसने के मामले में टीम ने मौके से बार मैनेजर चंद्र मोहन पुत्र दुर्गा सिंह निवासी अल्मोड़ा, उत्तराखंड को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कैफे संचालक अंकुर सक्सेना मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके से बडवाइजर मैग्नम बीयर की 16 कैन, प्रत्येक 500 मिलीलीटर, और ब्लैक एंड व्हाइट विदेशी मदिरा की दो खाली बोतलें, प्रत्येक 750 मिलीलीटर, बरामद कीं। बरामद बीयर और शराब के पैकेटों पर ‘फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश’ अंकित था। बरामद मदिरा की कुल मात्रा आठ बल्क लीटर बताई गई है।
महंगे दामों पर ग्राहकों को बेचता था शराब, लाइसेंस शुल्क की चोरी
पूछताछ में गिरफ्तार मैनेजर ने बताया कि ग्राहकों की मांग के अनुसार वह दिन में ही लाइसेंसी दुकानों से शराब और बीयर खरीदकर रख लेता था। इसके बाद पार्टी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को महंगे दामों पर शराब और बीयर बेचने के साथ उन्हें बैठकर शराब पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराता था।
इस तरह बिना आवश्यक लाइसेंस के शराब परोसकर विभाग को देय लाइसेंस शुल्क की चोरी की जा रही थी। आबकारी विभाग ने मैनेजर चंद्र मोहन और फरार कैफे संचालक अंकुर सक्सेना के खिलाफ थाना सेक्टर-113 नोएडा में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

















