- डाबर चौक से ईडीएम मॉल तक विकसित होंगी सड़कें, पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने मौके पर पहुंचकर परखी कार्य की गुणवत्ता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योजना के तहत ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के अंतर्गत करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की शुरुआत जयपुरिया और गंगा टावर, सतपुड़ा के आसपास के क्षेत्र में की गई। कार्य शुरू होने के बाद रविवार को पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को परियोजना की जानकारी देते हुए निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की। इस परियोजना से कौशांबी और आसपास के क्षेत्रों में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत डाबर चौक से आनंद विहार तक तथा कामदगिरि, नंदा, जयपुरिया, सतपुड़ा, उदयगिरि और पचमढ़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए ईडीएम मॉल तक विकास कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना और आवागमन को अधिक सुगम बनाना है। स्थानीय स्तर पर सड़क ढांचे में सुधार होने से निवासियों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। कार्यस्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने मौके पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देशित किया कि काम निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज गोयल ने क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को परियोजना की जानकारी दी और विकास कार्य को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण होती है। स्थानीय नागरिकों और संबंधित अधिकारियों के आपसी समन्वय से निर्माण कार्य बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकता है। इस अवसर पर जयपुरिया के महासचिव पवन गुप्ता, गंगा टावर के अध्यक्ष एसवी सिंह, जयपुरिया के संयुक्त सचिव चंदन सिंह, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राकेश चौरसिया, भाजपा नेत्री एवं सेक्टर संयोजक रेनू मल्होत्रा, रामलीला कमेटी के लीला मंत्री राज शर्मा, अजय जैन, अमिता जैन, योगेश गुप्ता, पीबी राय और पीसी जैन सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके बेहतर क्रियान्वयन की अपेक्षा जताई।

















