-गौड़ चौक पर नहीं लगानी पड़ेगी लंबी कतार, अंडरपास का काम 90 फीसदी से ज्यादा पूरा
-नोएडा जाने वालों के लिए खुलेगा नया शॉर्टकट, एलजी चौक से सेक्टर-145 और 146 तक सीधी कनेक्टिविटी
-दोनों प्रोजेक्ट शुरू होते ही परी चौक समेत प्रमुख मार्गों पर घटेगा वाहनों का दबाव, लाखों यात्रियों को राहत की उम्मीद
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति यानी गौड़ चौक पर बन रहा अंडरपास और एलजी चौक से नोएडा के सेक्टर-145 व 146 को जोड़ने वाला नया संपर्क मार्ग दिवाली से पहले आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। दोनों परियोजनाओं का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इनके शुरू होने से ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के साथ-साथ नोएडा आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
90 फीसदी से अधिक पूरा हुआ अंडरपास का काम
चार मूर्ति/गौड़ चौक पर बन रहे अंडरपास का 90 फीसदी से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण जैसे काम किए जा रहे हैं। बारिश के दौरान अंडरपास में पानी न भरने पाए, इसके लिए प्रवेश और निकास द्वार पर शेड लगाने का काम भी चल रहा है।
प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अंडरपास का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद इसे दिवाली से पहले यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। समय सीमा नजदीक आने के कारण निर्माण कार्यों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
अंडरपास शुरू होने के बाद सूरजपुर पुलिस लाइन से विजयनगर, गाजियाबाद की ओर जाने वाले और गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा की तरफ आने वाले वाहन गौड़ चौक पर बिना रुके सीधे निकल सकेंगे। इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल गौड़ चौक पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
नया रास्ता शुरू होने से परी चौक का दबाव भी घटेगा
एलजी चौक से नोएडा के सेक्टर-145 और 146 को सीधे जोड़ने वाले नए संपर्क मार्ग का निर्माण भी अंतिम दौर में है। हिंडन नदी पर पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। अब ग्रेटर नोएडा की तरफ हिंडन पुस्ते और पुल को जोड़ने वाली सड़क का काम बाकी है, जिसे अगले एक से दो माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
हिंडन पुस्ते पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए सिंचाई विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मार्ग शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा से नोएडा जाने का सफर आसान होगा। साथ ही परी चौक और एलजी चौक पर वाहनों का दबाव कम होने से यहां लगने वाले जाम में भी कमी आएगी।
वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के मुताबिक, दोनों परियोजनाओं को दिवाली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए संपर्क मार्ग से एक लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले खोलने की थी तैयारी
नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग को इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से पहले शुरू करने की योजना थी। हालांकि, बारिश और सिंचाई विभाग से अनुमति मिलने में देरी के कारण परियोजना का काम प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के मुताबिक, मार्ग की सुरक्षा और गुणवत्ता को देखते हुए जल्दबाजी में काम पूरा करने के बजाय सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। परियोजना शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच यातायात का दबाव कई प्रमुख मार्गों पर कम होने की उम्मीद है।

















