- बहनों की सुरक्षा में लापरवाही नहीं, छेड़छाड़ करने वालों पर होगी तत्काल कार्रवाई: धवल जायसवाल
- सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी तैनात, मनचलों की हर हरकत पर रहेगी पैनी नजर
- राखी से पहले बाजारों में बढ़ी निगरानी, छेड़छाड़ और पीछा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
- तीनों जोन में ऑपरेशन डिकॉय सक्रिय, शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचेगी पुलिस टीम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने ऑपरेशन डिकॉय शुरू कर दिया है। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ के निर्देश पर सोमवार से कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एंटी-रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति केंद्र की टीमें स्कूल-कॉलेज, बाजार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों के साथ-साथ वर्दी में भी तैनात किया गया है, ताकि महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़, पीछा करने, अश्लील टिप्पणी अथवा किसी अन्य आपत्तिजनक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रक्षाबंधन से पहले बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में खरीदारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ बढऩे की संभावना को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। खासतौर पर स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय छात्राओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध युवकों की गतिविधियों की जांच करेंगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ ही शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

छेड़छाड़ या पीछा किया तो सीधे होगी कार्रवाई
ऑपरेशन डिकॉय के दौरान पुलिस की नजर उन युवकों पर भी रहेगी जो महिलाओं या युवतियों का पीछा करते हैं, अश्लील टिप्पणी करते हैं या किसी अन्य तरह की आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं। अभियान के तहत अवांछित गतिविधियों में संलिप्त युवकों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहली बार आपत्तिजनक गतिविधि में पकड़े जाने पर जरूरत के अनुसार संबंधित युवक को थाने लाकर चेतावनी दी जा सकती है। दोबारा ऐसी हरकत सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
तीनों जोन में एंटी-रोमियो और मिशन शक्ति की टीमें सक्रिय
महिला सुरक्षा अभियान की निगरानी डीसीपी नगर व ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल के साथ एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय और एसीपी महिला अपराध शुचिता सिंह के निर्देशन में की जा रही है। तीनों जोन में एंटी-रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति की टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। डीसीपी नगर व ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रहने और किसी भी शिकायत पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। ऑपरेशन डिकॉय के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

















