वैशाली में बदलेगी नाले किनारे की तस्वीर, गंदगी के बीच अब खिलेगी हरियाली और सुंदरता

-ग्रीन बेल्ट में घास और पौधारोपण का काम शुरू, पार्षद कुसुम गोयल ने विकास कार्य का किया शुभारंभ
-जहां पसरी रहती थी गंदगी, अब दिखेगी हरियाली; रेलिंग-पेंटिंग के बाद सौंदर्यीकरण को मिली नई रफ्तार
-वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, स्वच्छता और पौधों की देखभाल का लिया संकल्प; स्थानीय लोगों ने पहल को सराहा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली सेक्टर-1 में नाले के साथ बनी ग्रीन बेल्ट को सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में नगर निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। सोमवार को क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल ने घास और पौधे लगाने के कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी केएल शर्मा ने नारियल फोड़कर कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि नाले के आसपास लंबे समय से गंदगी और कूड़े की समस्या बनी हुई थी। अब इस स्थान को व्यवस्थित कर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि नाले के किनारे का यह हिस्सा केवल साफ ही न रहे, बल्कि पूरी तरह हरा-भरा और सुंदर दिखाई दे।

घास और पौधे लगने के बाद यहां का वातावरण भी बेहतर होगा और आसपास रहने वाले लोगों को स्वच्छ एवं सुंदर माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इस कार्य के लिए उन्होंने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सहयोग से क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले नाले के किनारे रेलिंग लगवाने का कार्य कराया गया था। इसके बाद दीवार का प्लास्टर कराकर उस पर आकर्षक पेंटिंग कराई गई और कुछ पौधे भी लगाए गए। अब ग्रीन बेल्ट में घास लगाने का काम शुरू होने से इस पूरे हिस्से को और बेहतर स्वरूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा जहां पहले कूड़ा पड़ा रहता था और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी होती थी, वहां अब धीरे-धीरे साफ-सफाई और हरियाली नजर आ रही है। यह बदलाव स्थानीय लोगों के सहयोग से ही संभव है। हमारा प्रयास है कि लगाए गए पौधों और घास की नियमित देखभाल हो, ताकि यह स्थान लंबे समय तक सुंदर बना रहे। डॉ. मनोज गोयल ने कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने और ग्रीन बेल्ट को नुकसान से बचाने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि किसी स्थान को सुंदर बनाने के बाद उसकी देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय निवासियों की भी होती है।

लोगों ने ग्रीन बेल्ट में कूड़ा न डालने, पौधों को नुकसान से बचाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी सुभाष शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटियार, दिनेश शर्मा, शिव शंकर उपाध्याय, बीएस चौहान, पीके तुली, प्रदीप सिसोदिया, कैलाश गोयल, पंकज शर्मा, विमला भट्ट, माया, पिंकी, दुष्यंत गौतम, भूपेंद्र, बिजी सिंह, घनश्याम गुप्ता, कृष्ण अवतार पाराशर, मिथिलेश सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने ग्रीन बेल्ट को विकसित करने की पहल का स्वागत किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यों में सहयोग देने की बात कही।