वैशाली में अब सेहत का भी होगा विकास, विधायक निधि से ओपन जिम का शुभारंभ

  • नील पदम कुंज टावर में मिली आधुनिक व्यायाम सुविधा, मंत्री सुनील शर्मा ने गिनाईं साहिबाबाद के नौ साल के विकास की उपलब्धियां

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वार्ड-72, सेक्टर-1 वैशाली स्थित नील पदम कुंज टावर में सोमवार को स्थानीय लोगों को बड़ी सौगात देते हुए ओपन जिम का शुभारंभ किया गया। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा की विधायक निधि से तैयार किए गए ओपन जिम का उद्घाटन क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में किया गया। ओपन जिम शुरू होने से स्थानीय निवासियों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में नियमित व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की सुविधाएं विकसित होने से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। ओपन जिम की सुविधा विशेष रूप से उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जो नियमित रूप से व्यायाम करना चाहते हैं लेकिन इसके लिए दूर नहीं जाना चाहते।

पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा,  ‘नील पदम कुंज टावर में ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मैं माननीय मंत्री सुनील शर्मा जी का हृदय से धन्यवाद करती हूं। क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराना हमारी प्राथमिकता है। वैशाली और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, पार्क, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ओपन जिम से बच्चों, युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल सड़क और नाली का निर्माण नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी सोच के साथ क्षेत्र में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में पिछले नौ वर्षों के दौरान कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वैशाली और कौशांबी क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्राटेक डेवलपमेंट योजना के तहत मुख्य सड़कों के विकास का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही वहां भी कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र को बेहतर सड़क, परिवहन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।

ओपन जिम के शुभारंभ के अवसर पर नील पदम कुंज समिति के अध्यक्ष राम तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, भाजपा नेता अंशुल काचूरु, दीपक गौड़, एसके वर्मा, संजय दादरू, निंजावान, रेखा गुप्ता, रोमिल भट्ट, राजकुमार अग्रवाल, प्रशांत वासने, मंजू कुलश्रेष्ठ, रमेश गुलाटी, मंडल महामंत्री विनोद, आरसी गोला, जीपी सरकार, जेके पुरी, बीके पांडे, एचआर नारंग, एनके कपूर, डीएस रावत, ज्ञान प्रकाश, एसके सिंह, एसपी वार्ष्णेय, हरीश दत्ता, प्रताप पुरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। ओपन जिम के शुभारंभ को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। सार्वजनिक स्थान पर व्यायाम की सुविधा उपलब्ध होने से लोग नियमित रूप से इसका लाभ उठा सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए मंत्री एवं पार्षद का आभार भी जताया।