मन की बात में छाईं बबीता शर्मा, पीएम स्वनिधि ने बदली मेहनत की राह

  • नगर आयुक्त ने तीनों ऋण चुकता कर कारोबार बढ़ाने वाली महिला पथ विक्रेताओं को किया सम्मानित
  • करीब 9 हजार पथ विक्रेता पहला-दूसरा ऋण चुका तीसरे ऋण से बढ़ा रहे अपना छोटा कारोबार
  • लाभार्थी महिलाओं ने नगर निगम टीम का जताया आभार, छोटे व्यापारियों से योजना का लाभ लेने की अपील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने वाली महिला पथ विक्रेताओं के हौसले को नगर निगम ने सम्मान दिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पहला, दूसरा और तीसरा ऋण प्राप्त कर उसे चुकता करने वाली पथ विक्रेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान नंदग्राम की पूजा सामग्री विक्रेता बबीता शर्मा विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनका उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में किया था। नगर आयुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके कारोबार और योजना से मिले लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों के लिए यह योजना आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। मेहनत और सही दिशा में प्रयास के साथ पथ विक्रेता अपने कारोबार को आगे बढ़ाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। नंदग्राम की पथ विक्रेता बबीता शर्मा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ लेकर अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में गाजियाबाद की बबीता शर्मा का उल्लेख कर उनका उत्साहवर्धन किया था।

इसी क्रम में नगर निगम की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि बबीता शर्मा जैसी महिला पथ विक्रेताओं की सफलता दूसरे छोटे कारोबारियों के लिए भी प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में करीब 9 हजार ऐसे पथ विक्रेता हैं, जिन्होंने पहला और दूसरा ऋण चुकता कर तीसरा ऋण प्राप्त किया है। ये लोग अपने छोटे कारोबार को लगातार आगे बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं। सम्मानित होने वाली महिलाओं में नंदग्राम की पूजा सामग्री विक्रेता बबीता शर्मा, फल-सब्जी विक्रेता कांति देवी, वसुंधरा की सौंदर्य प्रसाधन विक्रेता कमलेश, शिवानपुरा की मिट्टी के बर्तन विक्रेता विमला देवी, मधुबन बापूधाम की फास्ट फूड विक्रेता मंजू रानी, दीनदयाल पुरी की फल-सब्जी विक्रेता सीमा देवी और विजय नगर की कपड़ा विक्रेता गीता देवी शामिल रहीं।

महिला लाभार्थियों ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर योजना के तहत समय पर ऋण उपलब्ध कराने और योजना की जानकारी देने के लिए नगर निगम की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऋण मिलने से उन्हें अपने छोटे कारोबार को बढ़ाने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिली है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना है। उन्होंने शहर के अन्य छोटे व्यापारियों से भी योजना का लाभ उठाकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और परियोजना अधिकारी, डूडा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से लाभार्थी महिलाओं का सम्मान कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि उचित आर्थिक सहयोग और मेहनत के दम पर छोटे कारोबार को भी आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनाया जा सकता है।