- कथक की विश्वविख्यात हस्तियों नलिनी और कमलिनी अस्थाना की मौजूदगी ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
- नन्हे विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, भारतीय विविधता और राष्ट्रीय गौरव का हुआ भव्य प्रदर्शन
- मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, प्रधानाचार्या ने प्रस्तुत की विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित केडीबी पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्राथमिक विभाग का वार्षिकोत्सव उत्साह, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ने वाले इस समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, भारतीय संस्कृति की विविधता और राष्ट्रीय गौरव की आकर्षक झलक देखने को मिली। विश्वविख्यात कथक नृत्यांगनाएं सुश्री नलिनी अस्थाना और सुश्री कमलिनी अस्थाना समारोह की मुख्य अतिथि रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य अश्विनी बजाज, वंदना बजाज और बी.पी. महेश्वरी सहित प्रधानाचार्या निवेदिता राणा, उपप्रधानाचार्या नम्रता दुबे, अभिभावक, शिक्षाविद और विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ विद्यालय की परंपरा के अनुरूप अतिथियों को पौधे भेंट कर किया गया।
इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। इसके बाद अतिथियों और विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह की शुरुआत को यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि नलिनी अस्थाना और कमलिनी अस्थाना ने विद्यार्थियों की प्रतिभा तथा कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन की प्रशंसा की।

उनकी सराहना से विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की हेड गर्ल काशवी दीक्षित ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ। वार्षिकोत्सव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

‘भारत के रंग’ ने दिखाई देश की सांस्कृतिक विविधता
वार्षिकोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘भारत के रंग’ नामक सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। इसमें विद्यार्थियों ने भारत की राष्ट्रीय पहचान, विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, भाषाओं की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व, उनकी पहचान और देश की गौरवशाली गाथा को प्रभावशाली अंदाज में दर्शाया गया।
प्रस्तुति के दौरान सभागार में मौजूद दर्शक भारतीय संस्कृति के विविध रंगों और देशप्रेम की भावना से भावविभोर नजर आए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि विविधताओं से भरा भारत अपनी एकता, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के कारण विशिष्ट पहचान रखता है। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान, वार्षिक रिपोर्ट में उपलब्धियों का उल्लेख
समारोह के दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में महक मोईन (ह्यूमैनिटीज में 97.6 प्रतिशत), अनंत सिंह (पीसीएम में 96.2 प्रतिशत), भाविका मित्तल (98.8 प्रतिशत) और वत्सल गर्ग (98.8 प्रतिशत) शामिल रहे। सम्मान मिलने से
विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और उनकी मेहनत को प्रोत्साहन मिला। इसके बाद प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और शैक्षणिक गतिविधियों का विवरण देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, अनुशासन और सांस्कृतिक गतिविधियों की भूमिका को रेखांकित किया।

















