• आईटी विभाग के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का सीनियर्स ने किया स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
• टॉपर विद्यार्थियों के लिए विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा, प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर
• डांस, सिंगिंग, रैंप वॉक और पर्सनैलिटी राउंड में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
एनसीआर/ग्रेटर नोएडा। हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एचआईएमटी) के आईटी विभाग की ओर से शनिवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर पार्टी ‘आरब्ध’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का सीनियर छात्रों ने उत्साह और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और प्रतिभा प्रदर्शन से सजे इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी कला, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव अनिल बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के सह-सचिव अनमोल बंसल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष स्कॉलरशिप देने की घोषणा की।

ग्रुप डायरेक्टर डॉ. सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास और निरंतर मेहनत के महत्व पर जोर दिया। फ्रेशर पार्टी का मुख्य आकर्षण मिस्टर और मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। इसके लिए विद्यार्थियों को डांसिंग, सिंगिंग, रैंप वॉक और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन पर उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन में संगीत, नृत्य और मनोरंजन का माहौल बना रहा। प्रतियोगिता के अंतिम चरण के बाद मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) वर्ग में आयुष को मिस्टर फ्रेशर और आस्था को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) वर्ग में प्रिंस दुबे मिस्टर फ्रेशर और प्रियांशी मिस फ्रेशर बनीं। संस्थान के सचिव अनिल बंसल ने विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष स्कॉलरशिप की घोषणा
संस्थान के आईटी विभागाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और प्लेसमेंट संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और पढ़ाई के साथ अपनी व्यावहारिक क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सचिव अनिल बंसल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनके व्यक्तित्व को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंच छात्रों को अपनी प्रतिभा सामने लाने, एक-दूसरे से जुडऩे और नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार होने का अवसर देते हैं।
बेहतर करियर बनाना संस्थान का उद्देश्य
संस्थान के चेयरमैन एच.एस. बंसल ने मिस्टर और मिस फ्रेशर चुने गए विद्यार्थियों को बधाई दी तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सीनियर विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के साथ उनके करियर को मजबूत बनाना है। इसके लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है और विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से अपनी क्षमता साबित की है।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. विक्रांत चौधरी, डायरेक्टर ऑफ मैनेजमेंट डॉ. पंकज कुमार, लॉ प्रिंसिपल डॉ. रमादत्त, एडमिन ऑफिसर कविता चौधरी सहित संस्थान के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच ‘आरब्ध’ फ्रेशर पार्टी ने नए विद्यार्थियों के लिए संस्थान में नई शुरुआत को यादगार बना दिया।

















