मतदाता सूची होगी मजबूत तो लोकतंत्र होगा सशक्त, घर-घर जाकर पात्रों को जोड़ेंगे बीएलओ : डीएम

  • विशेष अभियान में एक दिन में मिले 7,109 फार्म-6, साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे
  • 18 और 25 अक्टूबर को भी चलेगा विशेष अभियान, चार दिन बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
  • 6,546 ऑफलाइन और 563 ऑनलाइन आवेदन मिले, घर-घर जाकर भी पात्र मतदाताओं का होगा सत्यापन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं को अवसर देने के लिए जिले में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर 17, 18, 24 और 25 अक्टूबर को विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। रविवार, 18 अक्टूबर को जिले की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 7,109 फार्म-6 प्राप्त हुए। इनमें 6,546 आवेदन ऑफलाइन और 563 ऑनलाइन माध्यम से मिले हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाई जाए। खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और ऐसे नागरिकों को जागरूक किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए।

18 अक्टूबर को प्राप्त आवेदनों में साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां कुल 2,035 फार्म-6 मिले, जिनमें 1,813 ऑफलाइन और 222 ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में 1,540 फार्म प्राप्त हुए। इनमें 1,437 ऑफलाइन और 103 ऑनलाइन आवेदन हैं। मुरादनगर में 1,237 फार्म मिले, जिनमें 1,203 ऑफलाइन और 34 ऑनलाइन हैं। मोदीनगर में 1,165 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1,160 ऑफलाइन और पांच ऑनलाइन हैं। लोनी में 988 फार्म मिले, जिनमें 795 ऑफलाइन और 193 ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं। वहीं, धौलाना आंशिक विधानसभा क्षेत्र में 144 फार्म प्राप्त हुए, जिनमें 138 ऑफलाइन और छह ऑनलाइन हैं। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है।

पहले 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान निर्धारित था, लेकिन इसे प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने 18 और 25 अक्टूबर को भी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इन सभी तिथियों पर बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण संबंधी कार्य करेंगे। अभियान के बीच के दिनों में बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान और सत्यापन करेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवेदनों की प्रक्रिया समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।