हरलाल स्कूल ऑफ लॉ में ‘द लॉ ऑफ लेगेसी’ की गूंज, विदाई और स्वागत समारोह में विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा

  • निखिल बने मिस्टर फेयरवेल, त्रिशा ने जीता मिस फेयरवेल का खिताब; नवागंतुक विद्यार्थियों का भी हुआ जोरदार स्वागत
  • ऋषभ भाटी और नियति बने बीए एलएलबी के मिस्टर-मिस फ्रेशर्स, एलएलबी वर्ग में शिवम ठाकुर और रितु को मिला खिताब
  • सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों ने बांधा समां, मूल्यों और संस्कारों को जीवन की असली विरासत बताया

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। हरलाल स्कूल ऑफ लॉ, ग्रेटर नोएडा में शनिवार को विदाई-सह-नवागंतुक समारोह ‘द लॉ ऑफ लेगेसी’ का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नए विद्यार्थियों का संस्थान में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के बीच विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी सौहार्द और संस्थान के प्रति जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन हेम सिंह बंसल, सचिव अनिल बंसल, संयुक्त सचिव अनमोल बंसल, ग्रुप डायरेक्टर प्रो. डॉ. सुधीर कुमार, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. विक्रांत चौधरी, प्राचार्य डॉ. रमा दत्त, मैनेजमेंट डायरेक्टर प्रो. डॉ. पंकज कुमार, आईटी विभागाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय और प्रशासनिक अधिकारी

कविता चौधरी उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. रमा दत्त ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण रहीं। विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फेयरवेल श्रेणी में निखिल को मिस्टर फेयरवेल और त्रिशा को मिस फेयरवेल चुना गया। वहीं, प्रियांशु और आफरीन को प्रथम मिस्टर एवं मिस परफेक्शनिस्ट तथा रोहन और साहिन अख्तर को द्वितीय मिस्टर एवं मिस परफेक्शनिस्ट की उपाधि प्रदान की गई। विजेताओं को सम्मानित किए जाने पर विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

नवागंतुक विद्यार्थियों का हुआ शानदार स्वागत
बीए एलएलबी पाठ्यक्रम के नवागंतुक विद्यार्थियों में ऋषभ भाटी को मिस्टर फ्रेशर्स और नियति को मिस फ्रेशर्स चुना गया। रमेश और खुशबू को मिस्टर एवं मिस ऑलराउंडर का खिताब प्रदान किया गया। वहीं, एलएलबी वर्ग में शिवम ठाकुर ने मिस्टर फ्रेशर्स और रितु ने मिस फ्रेशर्स का खिताब अपने नाम किया। समर्थ और सरस्वती को मिस्टर एवं मिस ऑलराउंडर चुना गया। इन उपलब्धियों ने नए विद्यार्थियों के लिए समारोह को यादगार बना दिया और उन्हें संस्थान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

मूल्यों और संस्कारों की विरासत का दिया संदेश
समारोह की थीम ‘द लॉ ऑफ लेगेसी’ ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वास्तविक विरासत केवल उपलब्धियों और सफलताओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि उन मूल्यों, संस्कारों और प्रेरणाओं में निहित होती है, जिन्हें व्यक्ति अपने पीछे छोड़ जाता है। कार्यक्रम ने वरिष्ठ विद्यार्थियों को उनके संस्थान से जुड़े अनुभवों और यादों को साझा करने का अवसर दिया, जबकि नवागंतुकों को अपनी नई शैक्षणिक यात्रा के प्रति उत्साहित किया।

संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सफल भविष्य की कामना और नए विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने विदाई की भावुकता और नई शुरुआत के उत्साह को एक साथ जोड़ते हुए विद्यार्थियों के लिए यादगार पल संजोए।