ई-वेस्ट से बने बेंचों से संवरेगा जेल का माहौल, महिला बंदियों को बांटीं 100 स्वच्छता किट

  • इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा की पहल, महिला बंदियों को स्वच्छता और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
  • जेल परिसर के पार्क में लगाए दो बेंच, धूप सेंकने और खुले वातावरण में बैठने की मिलेगी सुविधा
  • अध्यक्ष अंकिता सिंह और सचिव डॉ. शेली गर्ग ने बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में इनर व्हील क्लब ऑफ नवीन ग्रेटर नोएडा ने सराहनीय पहल की। क्लब की ओर से डिस्ट्रिक्ट 301 और दिल्ली अचीवर्स क्लब के सहयोग से गौतम बुद्ध नगर जेल में सोमवार को सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला बंदियों के बैरक के बाहर स्थित पार्क में ई-वेस्ट से निर्मित दो बेंच लगाए गए और 100 महिला बंदियों को स्वच्छता किट वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला बंदियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता, सकारात्मक सोच और नए जीवन की शुरुआत के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में जेल के एसपी बृजेश सिंह ने क्लब के सदस्यों का स्वागत किया और आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कराईं। उन्होंने महिला बंदियों की सुविधा के लिए पार्क में लगाए गए दोनों बेंचों का उद्घाटन किया।

इन बेंचों के माध्यम से महिला बंदियों को खुले वातावरण में बैठने, धूप सेंकने और ताजी हवा का आनंद लेने की सुविधा मिलेगी। ई-वेस्ट से बेंच तैयार करने की पहल ने पर्यावरण संरक्षण और अनुपयोगी संसाधनों के पुन: उपयोग का संदेश भी दिया। क्लब की इस पहल में सामाजिक सरोकारों के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी गई। बदलते मौसम और दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 100 महिला बंदियों को स्वच्छता किट वितरित की गईं। इन किटों में ओडोमॉस, वैसलीन, साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, कंघी सहित रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। क्लब की अध्यक्ष अंकिता सिंह ने कहा कि इस तरह की जनहितकारी पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं।

उन्होंने महिला बंदियों को अपने समय का सदुपयोग करने, अच्छे कार्यों में रुचि लेने और स्वयं के साथ आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी जीवन में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लब की सचिव डॉ. शेली गर्ग ने महिला बंदियों को योग और ध्यान अपनाने तथा सकारात्मक विचारों के साथ जीवन में आगे बढऩे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद महिलाएं नई शुरुआत करें और बेहतर इंसान बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने क्लब की ओर से यथासंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

क्लब की पूर्व अध्यक्ष अनीता सिंगला ने महिला बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा हमें बुराई से बचना चाहिए और बुराई से नफरत करनी चाहिए, न कि बुरे लोगों से। उन्होंने प्रेम, करुणा और सद्भाव के साथ जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्य प्रतिभा सिसोदिया, सुनीता गर्ग और सोनिका त्यागी के साथ दिल्ली अचीवर्स क्लब की आरती पाई मौजूद रहीं। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और महिला बंदियों के पुनर्वास के प्रति सामाजिक संगठनों की प्रतिबद्धता का उदाहरण बनी।