रंगोली के रंगों और दीयों की रोशनी से कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में सजी दीपावली

-रंगोली और दीया निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
-चेयरमैन विवेक चौधरी और प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। रंगोली के आकर्षक रंग, दीयों की मनमोहक सजावट और त्योहारों के उल्लास के बीच कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को धनतेरस एवं दीपावली के उत्सव की रंगारंग शुरुआत हुई। विद्यालय में रंगोली बनाने और दीया निर्माण की विशेष गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाईं और सुंदर दीये तैयार किए। उनकी आकर्षक कलाकृतियों ने विद्यालय परिसर को दीपावली के रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन विवेक चौधरी और प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम का प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुडऩे और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

रंगोली गतिविधि में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। किसी ने पारंपरिक आकृतियां बनाईं तो किसी ने दीपावली से जुड़े सुंदर चित्रों और प्रतीकों को रंगोली में उकेरा। वहीं, दीया निर्माण गतिविधि में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता से आकर्षक दीपक तैयार किए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाई, बल्कि भारतीय त्योहारों की परंपराओं और उनके महत्व को भी समझा। इस आयोजन में अयांश, आर्यन, कुणाल, समर्थ, खुशी, सूरज, नमन, यश, पीयूष, कार्तिक पाल, अकुल, लक्ष कुमार, अमन कुमार, वंश, सार्थक, प्रिंस, शिवाय, दक्षिता, शिवांगी, हिमांशी, सोना, स्वार्ती, छवि, हर्षिता, रितिका, दक्ष, गौरव, अभिषेक, आयुष, आकाश, कनिका, सृष्टि, संघमित्रा, कुमकुम, अनु, अनन्या, रूही, अर्पिता, महक, लक्ष्मी, गरिमा, तेजस, कृष्णा, अनमोल, आरव, आहिल, अंशिका, देवांश, सुनीति, प्रियल, सगुन, सचिन, कुसुम, सुहानी, कशिश, हरिओम, आराध्या, पूजा, गुनगुन, प्रियांशी, शालिनी, वंशिका, दीक्षा, आर्यन पाल और हर्ष सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर चेयरमैन विवेक चौधरी और प्रधानाचार्या रितु चौधरी ने विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुशासन के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग और टीम भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं राबिया, सानिया, वर्षा, मेराज़, ज्योति, प्रियंका, अंजली, वंदना, तान्या, ममतेश और संगीता का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस उत्सव ने बच्चों के चेहरों पर खुशी बिखेरने के साथ दीपावली के स्वागत को यादगार बना दिया।