- 2023 में 14वें पायदान पर था शहर, सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में स्वच्छता व्यवस्था को मिली नई दिशा
- 5 स्टार गार्बेज फ्री सिटी और वॉटर प्लस का मिला प्रमाणपत्र, सुपर स्वच्छ लीग में भी बनाई जगह
- रैंकिंग में सुधार के बीच कूड़े के ढेर को लेकर उठे सवाल, जमीनी सफाई व्यवस्था बेहतर बनाना चुनौती
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। स्वच्छता के मोर्चे पर नोएडा ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग में शहर ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में छठा स्थान हासिल किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में नोएडा ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। वर्ष 2023 में शहर देश में 14वें स्थान पर था। ऐसे में इस बार आठ पायदान की छलांग को प्राधिकरण की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के प्रयासों के नतीजे के रूप में देखा जा रहा है। इस उपलब्धि में प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की अहम भूमिका रही है।
नोएडा ने स्वच्छता के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है। वर्ष 2018 में शहर देशभर में 327वें स्थान पर था। इसके बाद 2019 में 150वीं, 2020 में 25वीं, 2021 में अपनी श्रेणी में चौथी और 2022 में पांचवीं रैंक हासिल की थी। वर्ष 2023 में रैंकिंग गिरकर 14वें स्थान पर पहुंच गई थी। अब छठा स्थान हासिल कर शहर ने फिर बेहतर प्रदर्शन किया है।
5 स्टार रेटिंग और वॉटर प्लस का भी मिला प्रमाणपत्र
नोएडा को 5 स्टार गार्बेज फ्री सिटी (GFC) रेटिंग और वॉटर प्लस सर्टिफिकेट भी मिला है। इसके अलावा 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने के चलते शहर ने सुपर स्वच्छ लीग में भी अपनी जगह बनाए रखी। कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और अपशिष्ट निस्तारण से जुड़े कार्यों को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
प्राधिकरण ने कूड़ा निस्तारण संयंत्र स्थापित करने के लिए बोर्ड बैठक में बजट भी निर्धारित किया था। इससे जुड़े दस्तावेज और अन्य उपलब्धियों के प्रमाण सर्वेक्षण में प्रस्तुत किए गए। इन प्रयासों से शहर को अतिरिक्त अंक मिलने में मदद मिली।
रैंकिंग के बीच सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
एक तरफ नोएडा की रैंकिंग में सुधार हुआ है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर शहर के कई निवासियों ने सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर दिखाई देते हैं। ऐसे में रैंकिंग के साथ जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था में भी सुधार जरूरी है। सीईओ कृष्णा करुणेश के नेतृत्व में प्राधिकरण के सामने अब इस उपलब्धि को बरकरार रखने के साथ शहर के हर सेक्टर, सड़क और सार्वजनिक स्थान पर सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।

सीईओ
नोएडा प्राधिकरण
“स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नोएडा को देशभर में छठा स्थान मिलना प्राधिकरण और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उत्तर प्रदेश में अपना पहला स्थान बरकरार रखना हमारे लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि में सफाई कर्मचारियों, अधिकारियों, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हमारा प्रयास केवल सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल करना नहीं, बल्कि नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त शहर बनाना है। इसके लिए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, स्रोत पर कूड़े का पृथक्करण और नियमित सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। जिन स्थानों पर सफाई संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष ध्यान देकर सुधार कराया जाएगा। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी से हम आने वाले समय में स्वच्छता के नए मानक स्थापित करने का प्रयास करेंगे।”
-कृष्णा करुणेश
सीईओ, नोएडा प्राधिकरण

















