-पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने पूजा-अर्चना में लिया भाग, क्षेत्रवासियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
-मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को वितरित किया गया प्रसाद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित सनातन धर्म मंदिर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने शामिल होकर विधि-विधान से पूजा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया और भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक परंपराओं को मिल-जुलकर मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने गोवर्धन पूजा में भाग लेकर भगवान के समक्ष माथा टेका और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और त्योहारों का विशेष महत्व है। ये आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ ही समाज के लोगों को आपस में जोडऩे का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों में क्षेत्रवासियों की भागीदारी सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करती है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष आशीष गौड़ और मंदिर के पुजारी राजेंद्र पांडे ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का संदेश देता है। इस तरह के धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुडऩे का अवसर मिलता है। इस अवसर पर जयपुरिया के महामंत्री पवन गुप्ता, प्लॉट एरिया की महामंत्री उर्मिला अरोड़ा, समाजसेवी दीपक गुप्ता, नीति गौड़, रवि गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, लक्ष्मीकांत चानना, मुदित, धर्मेंद्र, डोली मल्होत्रा, सरोज वर्मा और मंजू यादव, मंजू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं। मंदिर कमेटी की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

















