-‘रन फॉर योर हार्ट’ थीम पर होगा आयोजन, एलिवेटेड रोड पर दौड़ेंगे प्रतिभागी
-सामूहिक भागीदारी से मजबूत होगी स्वस्थ समाज की नींव: डीएम
-टी-शर्ट और फिनिशर मेडल का हुआ अनावरण, चार श्रेणियों में होगी मैराथन
-हाफ मैराथन के विजेता को मिलेंगे 11 हजार रुपये, फिटनेस और हृदय स्वास्थ्य के प्रति बढ़ेगी जागरूकता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, हृदय की सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यशोदा मेडिसिटी की ओर से ‘यशोदा हाफ मैराथन 4.0-रन फॉर योर हार्ट’ का आयोजन किया जाएगा। 22 नवंबर को सुबह 5:30 बजे होने वाली इस मैराथन में चार हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन से पहले बुधवार को अस्पताल की ओर से मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट और फिनिशर मेडल का अनावरण किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, ट्रांस हिंडन के डीसीपी ऋजुल और रेडिसन ब्लू कौशांबी के सीईओ नवनीत जैन मौजूद रहे। यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पीएन अरोड़ा और अस्पताल की नेतृत्व टीम के साथ अतिथियों ने मैराथन की टी-शर्ट और फिनिशर मेडल का अनावरण किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों की कमी सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे में मैराथन जैसे आयोजन लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करते हैं। यह पहल केवल दौड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से हृदय रोगों से बचाव, नियमित व्यायाम और निवारक स्वास्थ्य देखभाल का संदेश भी दिया जाएगा। ‘रन फॉर योर हार्ट’ थीम पर आयोजित होने वाली मैराथन का मार्ग गाजियाबाद की प्रतिष्ठित एलिवेटेड रोड के साथ निर्धारित किया गया है। इसमें 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर, पांच किलोमीटर और तीन किलोमीटर की फन रन शामिल होगी।
आयोजन में अनुभवी धावकों के साथ फिटनेस के शौकीन, परिवार और पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी भी शामिल हो सकेंगे। चारों श्रेणियों के लिए एकल चक्कर वाले मार्ग तैयार किए गए हैं। हाफ मैराथन में छह और 15 किलोमीटर पर यू-टर्न होगा, जबकि 10 किलोमीटर की दौड़ में पांच किलोमीटर पर, पांच किलोमीटर की दौड़ में 2.5 किलोमीटर पर और तीन किलोमीटर की फन रन में 1.5 किलोमीटर पर यू-टर्न निर्धारित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, पिछले संस्करणों में लोगों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए इस बार चार हजार से अधिक प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है। मैराथन के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार शारीरिक गतिविधियों से जुडऩे का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि मैराथन जैसे आयोजन लोगों को अपनी फिटनेस को प्राथमिकता देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इससे समाज में जागरूकता और अनुशासन बढ़ता है तथा सामूहिक भागीदारी की भावना मजबूत होती है। यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. पीएन अरोड़ा ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य का ध्यान केवल बीमारी होने या लक्षण दिखाई देने के बाद ही नहीं रखना चाहिए। इसके लिए नियमित व्यायाम, जागरूकता और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव जरूरी हैं
। अस्पताल का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि स्वास्थ्य की जिम्मेदारी केवल अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति को अपने दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए स्वयं भी सक्रिय कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यशोदा हाफ मैराथन के जरिए फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही बीमारी से बचाव, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को जागरूक कर रहा है।
विजेताओं को मिलेंगे 11 हजार रुपये तक के पुरस्कार
मैराथन की प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणियों में विजेताओं और उपविजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन के विजेता को 11 हजार रुपये, प्रथम उपविजेता को 7,100 रुपये और द्वितीय उपविजेता को 5,100 रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह 10 किलोमीटर की दौड़ में विजेता को 7,100 रुपये, प्रथम उपविजेता को 5,100 रुपये और द्वितीय उपविजेता को 3,100 रुपये मिलेंगे।
पांच किलोमीटर की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये, प्रथम उपविजेता को 3,100 रुपये और द्वितीय उपविजेता को 2,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। तीन किलोमीटर की दौड़ को फन रन के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सामुदायिक फिटनेस अभियान से जोड़ना है। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन में भागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना सबसे महत्वपूर्ण है।
अस्पताल की चारदीवारी से बाहर तक पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश
प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि यशोदा हाफ मैराथन जैसी सामुदायिक पहल लोगों को एक साझा उद्देश्य के लिए एकजुट करती हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए फिटनेस को बढ़ावा देना और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता फैलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

















