-दो अन्य सीवरेज शोधित संयंत्र बनाने की भी तैयारी, 80 एमएलडी एसटीपी के लिए कंपनी ने शुरू किया सर्वे
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सीवरेज निस्तारण की समस्या दूर करने के लिए अथॉरिटी ने एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) की क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम तेज कर दिया है। सेक्टर-1 में निर्माणाधीन 45 एमएलडी क्षमता के एसटीपी को अगले महीने चालू करने की तैयारी है। इसका करीब 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के आवासीय सेक्टरों और गांवों से निकलने वाले सीवरेज को शोधित करने में मदद मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा के ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र में घरों तथा औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले सीवरेज का शत-प्रतिशत शोधन सुनिश्चित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में 45 एमएलडी क्षमता का एसटीपी तैयार किया जा रहा है। इसके सिविल निर्माण का करीब 90 फीसदी, मशीनरी का 85 फीसदी और इलेक्ट्रिकल कार्य का 80 फीसदी हिस्सा पूरा हो चुका है। अथॉरिटी अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव के मुताबिक, इस एसटीपी से आसपास के आवासीय सेक्टरों के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 12 गांवों को भी जोड़ा जाएगा। इससे खुले में गंदा पानी बहने और सड़कों पर जलभराव जैसी समस्याओं में कमी आएगी। यह ग्रेटर नोएडा वेस्ट का दूसरा एसटीपी होगा। खास बात यह है कि निर्माण करने वाली एजेंसी को अगले 10 साल तक इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
80 एमएलडी के एसटीपी के लिए सर्वे शुरू
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सीवरेज शोधन की क्षमता बढ़ाने के लिए 80 एमएलडी का एक और एसटीपी बनाया जाएगा। इसके लिए सेक्टर नॉलेज पार्क-5 के पास सेक्टर रिक्रिएशनल ग्रीन-6 में जमीन चिह्नित की गई है। निर्माण के लिए चयनित कंपनी ने साइट का सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इसके अलावा सेक्टर आईटी सिटी में 12 एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाने की योजना भी है। इसके लिए अथॉरिटी की ओर से दोबारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जा रही है।
पार्कों की सिंचाई में इस्तेमाल हो रहा शोधित पानी
सीवरेज को शोधित करने के साथ उसके दोबारा इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है। एसटीपी से निकलने वाले शोधित पानी का उपयोग पार्कों और शहर के हरित क्षेत्रों की सिंचाई में किया जा रहा है। इसके लिए अलग से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। ग्रेटर नोएडा में चार एसटीपी पहले से संचालित हैं। नए संयंत्र शुरू होने के बाद सीवरेज शोधन की व्यवस्था और मजबूत होगी।

सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
अथॉरिटी का लक्ष्य शहर में घरों और फैक्टरियों से निकलने वाले शत-प्रतिशत सीवरेज का शोधन करना है। सेक्टर-1 के 45 एमएलडी एसटीपी का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा 80 और 12 एमएलडी क्षमता के दो अन्य एसटीपी की तैयारी भी चल रही है। इससे शहर को स्वच्छ रखने और शोधित पानी का पुनः उपयोग बढ़ाने में मदद मिलेगी।
– रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी

















