- स्टोन वर्क और आकर्षक लाइटिंग से संवारे गए घाट, पूजा के लिए मिलेगा स्वच्छ और व्यवस्थित परिसर
- चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था
- पूर्वांचल और बिहार के परिवारों को मिलेगी सुविधा, जीडीए उपाध्यक्ष ने दी पर्व की शुभकामनाएं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कोयल एंक्लेव योजना में करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से चार छठ घाटों का निर्माण कराया है। घाटों को पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने के लिए सुव्यवस्थित तरीके से विकसित किया गया है। यहां स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर कराए गए इन कार्यों से कोयल एंक्लेव के साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की गरिमा को ध्यान में रखते हुए चारों घाटों का विकास कराया गया है। इसका उद्देश्य खासतौर पर पूर्वांचल और बिहार सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर गाजियाबाद में बसे परिवारों को स्वच्छ और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार छठ पूजा कर सकें।
चारों छठ घाटों के पॉन्ड और आसपास के परिसर में आकर्षक स्टोन वर्क कराया गया है। पत्थरों के इस्तेमाल से घाटों को सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है। प्रात:कालीन और सायंकालीन पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ आकर्षक लाइटें भी लगाई गई हैं। परिसर की साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे व्रती स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
श्रद्धालुओं की जरूरतों को देखते हुए घाट परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए कपड़े बदलने के चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। इसके अलावा अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि वहां होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। जीडीए का प्रयास है कि पूजा के दौरान व्रतियों और उनके परिजनों को सभी जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्योपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकजुटता को भी मजबूत करता है। प्राधिकरण का प्रयास है कि शहर में रहने वाले सभी नागरिकों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन करने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें। उन्होंने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

















