- डीएम और नगर आयुक्त ने पूजा-अर्चना कर किया छठ पर्व की तैयारियों का शुभारंभ, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
- 60 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, 200 से अधिक लाइटों और 40 चेंजिंग रूम की व्यवस्था
- 50 से अधिक सफाई मित्र संभालेंगे स्वच्छता की कमान, 80 अन्य छठ घाटों पर भी किए गए विशेष इंतजाम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चारों ओर छठी मैया के जयकारों और भक्ति के माहौल के बीच हिंडन नदी स्थित जनपद के प्रमुख छठ घाट को श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य रूप दिया गया है। घाट पर रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और आकर्षक व्यवस्थाएं की गई हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक , डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने संयुक्त रूप से हिंडन छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं और पुरबिया जनकल्याण परिषद के सदस्यों के साथ पूजा-अर्चना कर पर्व का शुभारंभ किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और लोक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। हर वर्ष की तरह इस बार भी इसे भव्य रूप से मनाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो और घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम केवल हिंडन घाट ही नहीं, बल्कि शहर के लगभग 80 अन्य छठ घाटों पर भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। निगम का प्रयास है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे पूरी श्रद्धा एवं सुरक्षित माहौल में छठी मैया की आराधना कर सकें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और पुलिस विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

60 कैमरों से निगरानी, लेजर शो बनेगा आकर्षण
नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने सफाई मित्रों के साथ स्वयं स्वच्छता अभियान चलाकर घाट की सफाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी विशेष सफाई रखी जाए। उन्होंने बताया कि हिंडन के प्रमुख छठ घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से घाट और आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट पर 35 से 40 चेंजिंग रूम तैयार किए गए हैं।
वहीं, रोशनी की व्यवस्था के लिए 200 से अधिक अस्थायी लाइटें लगाई गई हैं। घाट को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। इस बार भी म्यूजिकल लेजर शो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। पिछले वर्ष की तुलना में इसे और बेहतर बनाया गया है, जिससे घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को भव्य और आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा।
पेयजल से लेकर सफाई तक चौबीस घंटे व्यवस्था
नगर निगम की ओर से घाट पर चार से पांच मोबाइल टॉयलेट और लगभग 10 अर्पण कलश रखवाए गए हैं। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए भी समुचित व्यवस्था की गई है। जलकल विभाग की ओर से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 60 पानी की टंकियां लगाई गई हैं। नदी में जमा जलकुंभी को हटाने के लिए दो नावों की व्यवस्था की गई है, ताकि घाट के आसपास पानी की सफाई बनी रहे।
स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 50 से अधिक सफाई मित्रों की रोस्टर के अनुसार 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही 10 सफाई नायक लगातार निगरानी करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से घाटों पर कूड़ेदान भी रखवाए गए हैं, जिससे श्रद्धालु पूजा सामग्री और अन्य कचरा निर्धारित स्थानों पर डाल सकें। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

















