गाजियाबाद नंबर-1: सीएम योगी तक पहुंची स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम के कामयाबी की चमक

  • हिंडन एयरपोर्ट पर महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
  • स्वच्छ सिटी श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर योगी आदित्यनाथ ने शहरवासियों को दी बधाई
  • ट्रिपल आर अभियान, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त पहल और पौधारोपण से मजबूत हुई स्वच्छता की मुहिम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण में स्वच्छ सिटी श्रेणी के तहत उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद गाजियाबाद नगर निगम ने यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ साझा की। शनिवार को हिंडन एयरपोर्ट पर महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्वच्छ सिटी के लिए प्राप्त पुरस्कार उन्हें भेंट किया। मुख्यमंत्री ने महापौर और नगर आयुक्त का उत्साहवर्धन करते हुए शहर में स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गाजियाबाद के नागरिकों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। दरअसल, स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत स्वच्छ सिटी श्रेणी में गाजियाबाद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके लिए दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को पुरस्कृत किया गया था। पुरस्कार मिलने के बाद दोनों ने इस उपलब्धि का श्रेय शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत को दिया था। अब इसी सम्मान को मुख्यमंत्री को भेंट कर नगर निगम की ओर से शहर की स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।

हिंडन एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापौर और नगर आयुक्त का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शहर हित में स्वच्छता के प्रति इसी तरह बेहतर कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद के निवासियों को भी स्वच्छ सर्वेक्षण में स्वच्छ सिटी श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें ट्रिपल आर (रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल) अभियान के माध्यम से पुराने और अनुपयोगी सामान के पुन: उपयोग तथा पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया गया।

इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया और घरों से निकलने वाले कूड़े के पृथक्करण पर जोर दिया गया। नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक किया गया। शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर पौधारोपण भी कराया गया। वहीं, सड़कों और प्रमुख मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से शहर को धूल मुक्त बनाने के साथ वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए भी विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संसाधनों के बेहतर उपयोग और नियमित निगरानी पर भी जोर दिया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छता सर्वेक्षण में मिली उपलब्धि किसी एक विभाग या व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं है। इसमें शहरवासियों की भागीदारी, सफाई मित्रों की मेहनत, अधिकारियों की कार्ययोजना और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की अहम भूमिका रही है। महापौर और नगर आयुक्त ने भी इस सम्मान को पूरे शहर की उपलब्धि बताते हुए स्वच्छता अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।