- कचरा प्रबंधन से लेकर आधुनिक सुविधाओं तक धरातल पर उतरे कई बड़े प्रोजेक्ट, स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी में प्रथम स्थान हासिल कर शहर ने बढ़ाया मान
- एमआरएफ सेंटर, कूड़ा निस्तारण संयंत्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नए जोनल कार्यालयों से मजबूत हुआ शहरी ढांचा
- ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज में ग्लोबल स्तर पर पहचान, कार्बन क्रेडिट पंजीकरण कराने वाला प्रदेश का पहला नगर निगम बना गाजियाबाद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बीते तीन वर्षों में गाजियाबाद नगर निगम ने विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की कार्यशैली, योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की पहल और महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में शहर में विकास का व्यापक खाका तैयार किया गया। कचरा प्रबंधन से लेकर खेल सुविधाओं, नए कार्यालयों, हरित क्षेत्रों और आधारभूत ढांचे के विस्तार तक कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए। इन प्रयासों का असर प्रदेश ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दिया। ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज के अंतर्गत गाजियाबाद का टॉप-24 वैश्विक विजेताओं में शामिल होना और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में स्वच्छ सिटी श्रेणी के तहत उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना नगर निगम की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के विकास को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी। इसी दिशा में तीन प्रमुख सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र (एमआरएफ) स्थापित किए गए। कचरे के निस्तारण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए निदोरी और लोनी में दो बड़े कूड़ा प्रसंस्करण संयंत्र शुरू किए गए। डूंडाहेड़ा में गैस आधारित जैव-सीएनजी संयंत्र और ग्लास अपसाइक्लिंग प्लांट की शुरुआत भी इसी सोच का हिस्सा रही। गोबर प्रसंस्करण संयंत्र शुरू कर जैविक अपशिष्ट के उपयोग की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कचरे को केवल समस्या मानने के बजाय उससे उपयोगी संसाधन तैयार करना है। शनिवार को नगर आयुक्त के कार्यालय में पार्षद एवं अधिकारियों ने बधाई दी।

शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया। भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की शुरुआत के साथ शहरवासियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया। प्रशासनिक कामकाज को नागरिकों के और करीब पहुंचाने के लिए विजयनगर, इंदिरापुरम और मोहन नगर में जोनल कार्यालयों की शुरुआत की गई। इसके साथ ही नगर निगम के नए मुख्यालय की भी शुरुआत की गई। इन कार्यालयों से अलग-अलग क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर निगम संबंधी कार्यों और शिकायतों के समाधान में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विजयनगर क्षेत्र में करीब 60 एकड़ भूमि पर वृहद पौधारोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने की पहल की गई। इसी क्षेत्र में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कराना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इंदिरापुरम के नगर निगम को हस्तांतरण के बाद वहां विकास कार्यों को गति दी गई। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। वहीं, मोहन नगर और इंदिरापुरम में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना को आगे बढ़ाया गया। इसके तहत सड़कों और शहरी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में काम शुरू हुआ।
पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी नगर निगम ने नई पहल की। टीएसटीपी परियोजना का शुभारंभ और बायोडायवर्सिटी पार्क की शुरुआत शहर को पर्यावरण के लिहाज से बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहे। नगर आयुक्त की कार्यशैली में दीर्घकालिक योजनाओं को प्राथमिकता देने का असर इन परियोजनाओं में दिखाई देता है।
कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण और प्रसंस्करण से लेकर हरित क्षेत्र विकसित करने तक निगम ने कई स्तरों पर काम किया। इन प्रयासों ने गाजियाबाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान दिलाई। ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज के अंतर्गत गाजियाबाद का टॉप-24 ग्लोबल विजेताओं में शामिल होना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि रही। कार्बन क्रेडिट के लिए पंजीकरण कराने वाला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बना। यह उपलब्धि पर्यावरण के अनुकूल शहरी विकास और कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
शहर के सौंदर्यीकरण को भी विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। प्रमुख स्थानों पर आकर्षक शिल्प कलाकृतियां स्थापित की गईं। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाने का काम किया गया। एलिवेटेड फ्लाईओवर पर रामसेतु की कलाकृति के माध्यम से शहर को एक अलग पहचान देने का प्रयास किया गया। इन पहलों से सार्वजनिक स्थानों का स्वरूप बेहतर बनाने के साथ शहर की दृश्य पहचान को भी मजबूत किया गया। नगर निगम की उपलब्धियों में आर्थिक पक्ष भी अहम रहा। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम की आय बढ़ाने के प्रयास किए गए। साथ ही शासन से विकास कार्यों के लिए धनराशि लाकर विभिन्न परियोजनाओं को गति दी गई।
सीमित संसाधनों के बीच आय के स्रोत मजबूत करना और उपलब्ध बजट का विकास कार्यों में उपयोग करना नगर आयुक्त की प्रशासनिक कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। स्वच्छता के मोर्चे पर भी इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में स्वच्छ सिटी श्रेणी के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद को प्रथम पुरस्कार मिला। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। कुल मिलाकर बीते तीन वर्षों में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अगुवाई में गाजियाबाद नगर निगम ने विकास की कई नई दिशाओं में कदम बढ़ाए हैं। बड़े प्रोजेक्ट, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक मजबूती और स्वच्छता के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों ने शहर को प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों की कतार में मजबूत पहचान दिलाई है।

















