विश्व शौचालय दिवस पर शहर के सार्वजनिक शौचालयों की बदली तस्वीर, नगर आयुक्त ने चलवाया विशेष सफाई अभियान

  • नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर सभी शौचालयों में हुई साफ-सफाई, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
  • नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने सिटी जोन मेट्रो स्टेशन के पास सार्वजनिक शौचालय का किया निरीक्षण, सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को परखा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों में विशेष सफाई कराई गई। अभियान के दौरान शौचालयों की साफ-सफाई, नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं और रखरखाव की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता केवल विशेष दिवस तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से उनकी निगरानी और सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया। शौचालयों में साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण और नागरिकों की सुविधा से जुड़े पहलुओं को प्राथमिकता दी गई।

इसके साथ ही लोगों को सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि खुले में शौच की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के साथ शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सके। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और निगरानी को प्राथमिकता दी है। उनके निर्देश पर विशेष दिवसों के साथ सामान्य दिनों में भी स्वच्छता गतिविधियों को जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को साफ-सुथरे और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना है। विश्व शौचालय दिवस पर चलाया गया यह अभियान इसी दिशा में एक पहल रहा। निगम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही न हो और नागरिकों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार किए जाएं।

सिटी जोन मेट्रो स्टेशन के पास शौचालय का निरीक्षण
विश्व शौचालय दिवस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने सिटी जोन मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शौचालय में साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को शौचालयों में नियमित सफाई, उचित रखरखाव और नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

सफाई के साथ नागरिकों की भागीदारी पर भी जोर
नगर निगम की टीमों ने अभियान के दौरान सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करने वाले नागरिकों से बातचीत कर उनका फीडबैक भी लिया। लोगों से शौचालयों की सफाई और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में सुझाव मांगे गए, ताकि सामने आने वाली कमियों को दूर किया जा सके। नागरिकों को समझाया गया कि सार्वजनिक शौचालयों का उपयोग करना और उन्हें स्वच्छ बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।