दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर की राह होगी आसान, 18 करोड़ से बनेगा भव्य शॉपिंग आर्केड

  • व्यापारियों के हितों का ध्यान रखकर विकसित करेंगे नया बाजार, कारोबार पर नहीं पड़ेगा असर: सुनीता दयाल
  • महापौर ने नारियल फोड़कर किया निर्माण कार्य का शिलान्यास, एक साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
  • दो मंजिला भवन में 128 दुकानें, नौ गोदाम, पार्किंग और शौचालय की मिलेगी सुविधा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भगवान दूधेश्वर नाथ मंदिर को भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कॉरिडोर निर्माण के लिए मंदिर के आसपास की दुकानों को व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करने के उद्देश्य से हिंडन विहार में करीब आठ हजार वर्ग मीटर भूमि पर 18 करोड़ रुपये की लागत से भव्य शॉपिंग आर्केड बनाया जाएगा। गुरुवार को महापौर सुनीता दयाल ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। दो मंजिला इस भवन में कुल 128 दुकानें, नौ गोदाम, पार्किंग और शौचालय की सुविधा विकसित की जाएगी। निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि भगवान दूधेश्वर नाथ मंदिर के आसपास स्थित दुकानों को कॉरिडोर निर्माण के लिए शिफ्ट किया जाना आवश्यक है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए हिंडन विहार में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शॉपिंग आर्केड तैयार कराया जा रहा है।

इसमें प्रथम और द्वितीय तल पर 64-64 दुकानें बनाई जाएंगी। प्रत्येक दुकान का आकार करीब 4म6 मीटर होगा। इसके अलावा नौ गोदाम बनाए जाएंगे, जिनका उपयोग व्यापारी सामान रखने के लिए कर सकेंगे। पार्किंग और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दुकानों को शिफ्ट करने का उद्देश्य केवल कॉरिडोर निर्माण के लिए जगह उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि व्यापारियों को बेहतर और व्यवस्थित कारोबारी स्थान देना भी है। शॉपिंग आर्केड तैयार होने के बाद चिन्हित दुकानदारों को यहां दुकानें आवंटित की जाएंगी। इससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा और भगवान दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर के निर्माण का रास्ता भी साफ होगा।

महापौर ने कहा कि शॉपिंग आर्केड बनने से हिंडन विहार क्षेत्र की तस्वीर भी बदलेगी। आसपास की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी, ताकि व्यापारियों और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। शिलान्यास के दौरान महापौर ने शॉपिंग आर्केड के बराबर में स्थित भगवान वाल्मीकि सभागार का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि इस सभागार को पहले कब्जे से मुक्त कराया गया था। अब नगर निगम के निर्माण विभाग से संपत्ति विभाग को इसका हस्तांतरण कराया जाएगा। इसके बाद सभागार की बुकिंग शुरू की जाएगी। इससे शहर के लोगों को व्यक्तिगत और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इस दौरान पार्षद जय किसान, सहायक अभियंता कुलदीप त्यागी, अवर अभियंता प्रीति बंसल सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।