- केडीबी पब्लिक स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों की पाक कला प्रतियोगिता, रचनात्मकता ने जीता सबका दिल
- फल, पौष्टिक सैंडविच और रंग-बिरंगे व्यंजन बनाकर दिखाई प्रतिभा
- स्वच्छता, पौष्टिक आहार और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश, पांच मापदंडों पर हुआ मूल्यांकन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नन्हे हाथों में जब रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का संगम हुआ तो बिना आग जलाए ही स्वादिष्ट और पौष्टिक पकवान तैयार हो गए। केडीबी पब्लिक स्कूल के पूर्व प्राथमिक विभाग में शुक्रवार को नर्सरी, केजी और प्रेप कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए बिना आग के खाना बनाने की अनूठी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी पाक कला, कल्पनाशक्ति और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करने के साथ आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे। नर्सरी के बच्चों को ‘फलों की मस्ती’ और ‘स्वस्थ सैंडविच उत्सव’ विषय दिया गया, जबकि केजी और प्रेप के विद्यार्थियों ने ‘चटपटी चाट’ और ‘प्याले में इंद्रधनुष’ विषय पर आकर्षक व्यंजन तैयार किए। बच्चों ने विभिन्न फलों, सब्जियों और पौष्टिक खाद्य सामग्रियों का इस्तेमाल करते हुए रंग-बिरंगे और स्वादिष्ट पकवान बनाए।
उनकी छोटी-छोटी प्रस्तुतियों में रचनात्मकता और उत्साह साफ नजर आया। नन्हे प्रतिभागियों ने न केवल अपने व्यंजन तैयार किए, बल्कि उनमें इस्तेमाल की गई सामग्री और उसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में भी जानकारी दी। किसी ने फलों को आकर्षक ढंग से सजाया तो किसी ने अलग-अलग रंगों और स्वादों का सुंदर संयोजन कर सबका ध्यान खींचा। बच्चों ने यह भी दिखाया कि बिना आग और जटिल उपकरणों के भी पौष्टिक तथा स्वादिष्ट भोजन तैयार किया जा सकता है। प्रतियोगिता का मूल्यांकन पांच प्रमुख आधारों पर किया गया। इनमें रचनात्मकता एवं नवीनता, पौष्टिक और स्वस्थ सामग्री का चयन, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति और स्वाद को शामिल किया गया।
इन मापदंडों के माध्यम से बच्चों की कल्पनाशक्ति के साथ उनकी साफ-सफाई और खान-पान के प्रति समझ को भी परखा गया। विद्यालय की इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन के महत्व और स्वच्छता की अच्छी आदतों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उनमें निर्णय लेने की क्षमता, आपसी समन्वय, आत्मविश्वास और मिल-जुलकर काम करने की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता बच्चों के लिए केवल स्वादिष्ट व्यंजन बनाने का अवसर नहीं रही, बल्कि सीखने और अपनी प्रतिभा को सामने लाने का आनंदमय मंच भी बनी। नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता से यह संदेश दिया कि अच्छा भोजन वही है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखे।

















